विभूतिपुर में फायरिग, स्थिति तनावपूर्ण
विभूतिपुर थाना क्षेत्र के खदियाही चौक और खोकसाहा चौक के बीच बसेरा बरगद के समीप सोमवार को खोकसाहा चौर से जल निकासी में भंवरा खोलने व बंद करने को लेकर दो गुटों में विवाद छिड़ गया।
समस्तीपुर । विभूतिपुर थाना क्षेत्र के खदियाही चौक और खोकसाहा चौक के बीच बसेरा बरगद के समीप सोमवार को खोकसाहा चौर से जल निकासी में भंवरा खोलने व बंद करने को लेकर दो गुटों में विवाद छिड़ गया। ये गुट दो अलग-अलग गांव के थे। घटना के संबंध में बताया जाता है कि बैंती और बलुआही नदी का पानी शक्कर चौड़ी और खोकसाहा चौर में पानी भरने लगा। किसानों का फसल बर्बाद हो गया। पानी बहाव खदियाही चौर में भंवरा के जरिए होने लगा। जिसे लोग बंद करना चाहते थे। एक गांव के कतिपय लोग ने दहशत फैलाने के उद्देश्य से हवाई फायरिग कर दी। फिर दूसरे गांव की ओर से भी फायरिग की गई और सड़क जाम कर नाराजगी जताई गई। सूचना पर दल-बल के साथ पहुंचे थानाध्यक्ष कृष्ण चंद्र भारती ने सड़क जाम समाप्त करवाया। घटना की सूचना पाकर बीडीओ धीरज कुमार, अंचलाधिकारी उदय कांत मिश्र, रोसड़ा डीएसपी सहरियार अख्तर, एसडीओ अमन कुमार सुमन आदि पहुंचे। मामले की जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिया। पुलिस मौके पर कैंप करती रही। स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। समाचार प्रेषण तक एक भंमरा से जल निकासी जारी था। वहीं पूर्व से 2 भंमरा बंद पड़़ा है। थानाध्यक्ष कृष्ण चंद्र भारती ने गोली चलने की बातों को अफवाह बताया है। वैसे प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक फायरिग की सूचना मिली है। लेकिन, कोई साक्ष्य नहीं मिल सका है। पड़ताल की जा रही है।