फाइनेंस सेंटर का मकान मालिक ही निकला लूटकांड का मास्टरमाइंड
रोसड़ा में महज चार दिन पूर्व भिरहा भोरहा पथ पर अपराधियों द्वारा दिन दहाड़े पिस्टल के बल पर फाइनेंस कर्मी से हुई लूट मामले का पुलिस ने पदार्फाश कर दिया है।
समस्तीपुर । रोसड़ा में महज चार दिन पूर्व भिरहा भोरहा पथ पर अपराधियों द्वारा दिन दहाड़े पिस्टल के बल पर फाइनेंस कर्मी से हुई लूट मामले का पुलिस ने पदार्फाश कर दिया है। सीमावर्ती बेगूसराय के छौड़ाही ओपी क्षेत्र में गिरफ्तार लुटेरों द्वारा दी गई जानकारी के आलोक में पुलिस ने घटना के लाइनर मलिकाना मुसहरी के संतोष महतो को गिरफ्तार कर लिया है। पलटन महतो के पुत्र संतोष के मकान में ही कंपनी का कलेक्शन सेंटर भी चलता था। घटना की तिथि को पहला कलेक्शन कर्मियों द्वारा उसी के मकान पर किया गया था। अपने यहां हुए कलेक्शन के बाद भी विभिन्न केंद्रों के कलेक्शन पर संतोष की नजर थी। राशि लेकर गांव से फाइनेंस कर्मी के निकलते ही तत्क्षण इसकी सूचना लुटेरों को दी थी। इस संबंध में थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर अमित कुमार ने बताया कि घटना के बाद अपराधियों पर पुलिस दविश तेज थी। इसी बीच पिस्टल के साथ दो लुटेरा सीमावर्ती छौड़ाही पुलिस के हत्थे चढ़ गया। जिसकी पहचान बेगूसराय जिला के सकरौली निवासी दीपक महतो तथा आकोपुर के रूपेश कुमार के रूप में हुई। पूछताछ के क्रम में दोनों ने 15 नवंबर को दिनदहाड़े रोसड़ा के शाहपुर में हुई लूट की घटना में संलिप्तता स्वीकारते हुए अपने अन्य साथियों का भी नाम गिनाया। इसी क्रम में लाइनर के रूप में संतोष महतो का नाम बताते ही मलिकाना मुसहरी में छापामारी कर पलटन महतो के पुत्र संतोष महतो को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के पश्चात उसे जेल भेज दिया गया है। बताते चलें कि बेखौफ अपराधियों ने विगत शुक्रवार को राशि वसूली कर लौट रहे दो फाइनेंसकर्मियों से दिनदहाड़े पिस्टल के बल पर 80 हजार रुपया समेत मोबाइल व टैब के साथ बायोमीट्रिक मशीन भी लूट लिया था। दिन के करीब 1 बजे थाना क्षेत्र के भिरहा-भोरहा पथ पर शाहपुर के निकट बाइक सवार चार अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया था। लूट के शिकार भारत फाइनेंस लिमिटेड के प्रबंधक सोनू कुमार द्वारा रोसड़ा थाना में अज्ञात अपराधकर्मियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई थी। जिसमें दो बाइक पर सवार चार अपराधियों द्वारा पिस्टल सटाकर 80 हजार के साथ मोबाइल एवं टैब आदि लूटने का आरोप लगाया था।