युवक की गला दबाकर हत्या, खेत में मचान पर मिला शव
समस्तीपुर। थाना क्षेत्र के रामभद्रपुर कोइलाम गांव निवासी कन्हाई साह के पुत्र 23 वर्षीय अविनाश कुमार की हत्या कर दी। सोमवार सुबह घर से पीछे खेत में उसका शव मिला।
समस्तीपुर। थाना क्षेत्र के रामभद्रपुर कोइलाम गांव निवासी कन्हाई साह के पुत्र 23 वर्षीय अविनाश कुमार की हत्या कर दी। सोमवार सुबह घर से पीछे खेत में उसका शव मिला। आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई। इसके बाद घटनास्थल पर काफी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने स्थानीय पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया और शव को जब्त कर अंत्यपरीक्षण के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मृतक के स्वजनों ने शव की शिनाख्त की है। हत्या की आशंका व्यक्त की जा रही है। सदर डीएसपी सेहबान हबीब फखरी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। अनुसंधान में तकनीकी सेल की भी मदद ली जा रही है। जल्द ही हत्यारे को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल, हत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है।
कोइलाम गांव के वार्ड 11 निवासी कन्हाई साह के मंझले पुत्र अविनाश कुमार घर पर खेती किसानी का काम करते थे। स्वजनों ने बताया कि करीब दो साल पूर्व शादी हुई थी। गांव में पूर्व से किसी से कोई विवाद नहीं था। रविवार रात करीब 9 बजे किसी को बताए बिना घर से बाहर निकला। देर रात होने पर परिवार के सदस्यों को चिता हुई। करीब दस बजे उसके मोबाइल पर संपर्क बनाने का प्रयास किया। लेकिन बातचीत नहीं हो सकी। उसका मोबाइल स्वीच ऑफ बता रहा था। आसपास के इलाके में काफी खोजबीन की गई। परिवार के लोगों ने सोचा कि पंचायत चुनाव को लेकर किसी प्रतिनिधि के साथ होगा। सोमवार सुबह जब ग्रामीण शौच के निकले तो देखा कि घर से करीब 500 मीटर पीछे खेत में मचान पर उसका शव पड़ा था। घटनास्थल पर काफी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर दलबल के साथ पहुंचे थानाध्यक्ष परमानंद लाल कर्ण ने घटनास्थल का जायजा लिया। शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मृतक के स्वजनों ने गला दबाकर हत्या की आशंका व्यक्त की है। थानाध्यक्ष ने बताया कि अंत्यपरीक्षण के उपरांत शव स्वजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।