पांच को पटोरी में सभा करेंगे तेजस्वी यादव
कर्पूरी आश्रम स्थित जिला राजद कार्यालय परिसर में पार्टी की एक बैठक संपन्न हुई। अध्यक्षता व संचालन जिला राजद अध्यक्ष राजेंद्र सहनी ने की।
समस्तीपुर। कर्पूरी आश्रम स्थित जिला राजद कार्यालय परिसर में पार्टी की एक बैठक संपन्न हुई। अध्यक्षता व संचालन जिला राजद अध्यक्ष राजेंद्र सहनी ने की। इससे पहले पूर्व जिलाध्यक्ष विनोद कुमार राय तथा युवा राजद जिलाध्यक्ष अमरेश राय ने माला, पाग, चादर, पुस्तक, बुके व मेमेंटो देकर जिलाध्यक्ष का स्वागत किया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि पांच मार्च को नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव बेरोजगारी हटाओ यात्रा के तहत पटोरी स्टेडियम में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। जनसभा में करीब 50 हजार से अधिक लोग शामिल होंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओ से कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जनसंपर्क अभियान चलाने, नुक्कड़ सभाएं करने, प्रखंडों में बैठकें करने की अपील की। कहा कि बूथ कमेटियों को और सशक्त बनाया जाएगा। जनसमस्याओं को सूचीबद्ध करके आंदोलनों की शंखनाद की जाएगी। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार गरीब विरोधी, मजदूर विरोधी, किसान विरोधी, युवा विरोधी तथा जनविरोधी है। राजद के पूर्व जिलाध्यक्ष विनोद कुमार राय ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष द्वारा कल बिहार विधानसभा में कार्य स्थगन प्रस्ताव लाया गया। फलत: बिहार सरकार को एनआरसी के खिलाफ प्रस्ताव पारित करने को मजबूर होना पड़ा। जिला राजद प्रवक्ता राकेश कुमार ठाकुर ने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून जनविरोधी व अलोकतांत्रिक है। युवा जिलाध्यक्ष अमरेश राय ने कहा कि सूबे बिहार में कानून व्यवस्था पूर्णत: चौपट है। अपराध का ग्राफ बेहद तेजी से बढ़ रहा है। बैठक को पूर्व जिलाध्यक्ष विनोद कुमार राय, वरीय नेता मुनेश्वर सिंह, चंद्रिका प्रसाद सिंह ने भी संबोधित किया।