विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

समस्तीपुर : घर पर बाहर से ताला बंद, अंदर छिपा था सिनेमा कारोबारी, STF ने दो घंटे बाद अंटू को दबोचा

Published: Tue, 15 Sep 2026 10:13 PM (IST)

समस्तीपुर में सिनेमा कारोबारी और लोजपा नेता रोहित ईश्वर उर्फ अंटू को वैशाली से जुड़े भानू हत्याकांड में गिरफ्तार किया ...और पढ़ें

एसटीएफ ने अंटू को दबोचा।

एसटीएफ ने अंटू को दबोचा।

HighLights

  1. सिनेमा कारोबारी अंटू ईश्वर भानू हत्याकांड में गिरफ्तार।

  2. एसटीएफ और स्थानीय पुलिस ने समस्तीपुर में की कार्रवाई।

  3. वैशाली से जुड़े हत्या मामले में पुलिस को थी तलाश।

जागरण संवाददाता, समस्तीपुर। नगर थाना के बहादुरपुर स्थित आवास से मंगलवार की शाम पुलिस की टीम ने सिनेमा कारोबारी और लोजपा नेता रोहित ईश्वर उर्फ अंटू को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तारी को लेकर एसटीएफ और स्थानीय पुलिस टीम देर शाम बहादुरपुर स्थित आवास पर पहुंची। घर पर बाहर से ताला लगा था। हालांकि, पुलिस को सूचना थी कि सिनेमा कारोबारी घर के भीतर ही मौजूद है।

पुलिस टीम ने घर को चारो ओर से घेराबंदी कर सघन छापेमारी में जुट गई। टीम करीब दो घंटे तक घर के भीतर मौजूद रही। टीम ने अंटू को खोजकर निकाला। बाद में पुलिस की एक गाड़ी पर अंटू को बिठाकर मौके से निकल गई।

मौके पर एसटीएफ के अलावा नगर थानाध्यक्ष अजीत कुमार के साथ पुलिस टीम मौजूद रही। बताया गया कि पुलिस टीम गत कई दिनों से अंटू की तलाश में जुटी थी। एक सप्ताह पूर्व भी टीम ने छापेमारी की थी।

हालांकि, उस दौरान पुलिस को अंटू नहीं मिला था। तबसे पुलिस टीम उसकी हर गतिविधि पर नजर रख रही थी। इसी बीच पुलिस को उसके घर पर होने की सूचना मिली।

टीम ने देर शाम एक साथ पुलिस बल के साथ दबिश दी। पुलिस की टीम पांच गाड़ियों से घर पर पहुंची। टीम ने दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद अंततः सिनेमा कारोबारी को गिरफ्तार करने में कामयाबी पायी। डीएसपी दुर्गेश दीपक ने बताया कि वैशाली से जुड़े एक हत्या के मामले में उसकी गिरफ्तारी की गई है। यह कार्रवाई एसटीएफ और पुलिस की संयुक्त टीम ने की है।

18 फरवरी को मिला था भानू का शव

गत 18 फरवरी को गंगा ब्रिज थाना पर एक कार से अज्ञात शव बरामद हुआ था। उक्त शव की पहचान जहानाबाद के भानू के रूप में हुई थी। पुलिस ने छानबीन कर यह पता लगाया कि इसका जुड़ाव 17 फरवरी की देर शाम सिनेमा हाल संचालक पर हुई गोलीबारी से थी।

भानू उक्त घटना को अंजाम देने पहुंचा था। इस दौरान दोनों तरफ से गोलीबारी हुई और इसमें भानू को गोली लगी। हालांकि, उपचार नहीं होने की वजह से उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। बाद में उसके साथी उसे छोड़कर फरार हो गए।

मामले में पुलिस ने उसके एक अन्य साथी अभिषेक को भी गिरफ्तार किया था। इस घटना में अंटू के सहयोगी शुभम सिंह भी बदमाशों की गोली से जख्मी हुए थे। जबकि, किसी तरह से सिनेमा हाल संचालक की जान बच सकी थी।