जैविक उत्पाद किसानों के लिए लाभकारी
पूसा प्रखंड के सीमावर्ती क्षेत्र पोखरैरा में जैविक खेती पर किसानों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
समस्तीपुर। पूसा प्रखंड के सीमावर्ती क्षेत्र पोखरैरा में जैविक खेती पर किसानों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तहत आयोजित इस प्रशिक्षण में पंतजलि के वैज्ञानिक भुवनेश्वर राय ने किसानों को जैविक खेती की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में जैविक उत्पाद की मांग काफी बढ़ने वाली है। लगातार रसायनिक एवं कीटनाशक दवा के प्रयोग से मिट्टी का स्वास्थ्य काफी खराब हो चुका है। इसलिए किसानों को मिट्टी के स्वास्थ्य को बचाने पर ध्यान देना चाहिए। जैविक उत्पादन बिहार के लिए आवश्यक है। इस दिशा में सरकार के द्वारा भी कई कार्य किए जा रहे हैं। पतंजलि के राज्य संयोजक रवि आदित्य एवं राज्य प्रभारी चंद्रशेखर प्रसाद ने किसानों को जैविक खेती के बारे में विस्तार पूर्वक बताया। जैविक खेती के लिए कमेटी का भी गठन किया गया। मौके पर सदन तिवारी, मनोज कुमार राय, हसीब उर रहमान, शैलेश कुमार झा, मुकेश कुमार समेत दर्जनों किसान मौजूद रहे।