समस्तीपुर में नौ बीघा खेत में रातोंरात जहरीली दवा का स्प्रे, सुबह सूखती मिली लाखों की तैयार फसल
समस्तीपुर के रामपुर गांव में एक किसान की नौ बीघा में लगी सब्जी की फसल को जहरीली दवा का स्प्रे ...और पढ़ें
-1790878242671_m.webp)
समस्तीपुर जिले में जली हुई फसल।
HighLights
समस्तीपुर में नौ बीघा सब्जी फसल जहरीली दवा से बर्बाद।
किसान को 25-30 लाख रुपये का भारी नुकसान हुआ।
पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ जांच शुरू की है।
संवाद सहयोगी, सरायरंजन (समस्तीपुर)। मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के रामपुर गांव में एक किसान की लगभग नौ बीघा में लगी सब्जी की फसल को जहरीली दवा का स्प्रे कर बर्बाद करने का मामला सामने आया है। किसान ने 25 से 30 लाख रुपये के नुकसान का दावा किया है।
लाटबसेपुरा वार्ड 11 निवासी स्व. मनोरथ सहनी के पुत्र देवनारायण सहनी ने मुसरीघरारी थाना में अज्ञात लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर फसल का जायजा लिया और जांच शुरू कर दी है।
किसान के अनुसार, रामपुर स्थित खेत में डेढ़ बीघा में परवल, दो बीघा में मूली और छह बीघा में बंदगोभी, फूलगोभी, कद्दू की फसल लगी थी। आरोप है कि रात में अज्ञात लोगों ने राउंडअप जैसी खरपतवारनाशी दवा का स्प्रे किया।
कई पौधों को काटकर भी नुकसान पहुंचाने की बात कही गई है। देवनारायण ने बताया कि वह रात 10 बजे तक खेत में थे, लेकिन सुबह लौटने पर फसल सूखने लगी थी।
एक बीघा में दवा का स्प्रे करने के लिए लगभग सात ड्रम पानी की आवश्यकता होती है, जिससे नौ बीघा में 63 ड्रम या उससे अधिक पानी की जरूरत पड़ी होगी।
किसान ने बताया कि खेत के आसपास कोई चापाकल नहीं है और नदी-तालाब भी सूखे हैं। खेत के नजदीक तीन समरसेबल पंप हैं, लेकिन उन पर ताला लगा रहता है।
इस स्थिति में इतनी बड़ी मात्रा में पानी और दवा खेत तक कैसे पहुंची, यह जांच का महत्वपूर्ण बिंदु है। देवनारायण ने प्रशासन और कृषि विभाग से मौके पर निरीक्षण कर फसल के वास्तविक नुकसान का आकलन कराने की मांग की है। मुसरीघरारी पुलिस किसान के आवेदन के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
