विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

समस्तीपुर में अवैध शराब छापेमारी के दौरान पुलिस से हाथापाई, धंधेबाज फरार

By Amod Kumar Rai Edited By: Dharmendra Singh
Published: Fri, 27 Feb 2026 07:41 PM (IST)

मोहिउद्दीननगर के डुमैनी गांव में अवैध शराब की सूचना पर पहुंची पुलिस पर हमला कर धंधेबाजों को छुड़ा लिया गया। ...और पढ़ें

समस्तीपुर के मोहिउद्दीननगर से शराब  बरामद। जागरण

समस्तीपुर के मोहिउद्दीननगर से शराब बरामद। जागरण

संवाद सहयोगी, मोहिउदीनगर (समस्तीपुर)। अवैध शराब की सूचना पर डुमैनी पहुंची पुलिस के साथ हाथापाई की गई और जबरन पुलिस के कब्जे से शराब धंधेबाजों को छुड़ाकर लोग ले भागे।

हालांकि भाग रहे धंधेबाज व उसके बचाव करने के आरोप में इसी गांव के रवि किशन पासवान को गिरफ्तार करने में सफल रही। शुक्रवार की देर शाम पटोरी एलटीएफ को सूचना मिली कि कल्याणपुर बस्ती पश्चिम पंचायत के डुमैनी में व्यापक पैमाने पर मुंह फोरवा देसी शराब का निर्माण कार्य जारी है।

इसी सूचना पर एलटीएफ पटोरी के प्रभारी अफरोज आलम के नेतृत्व में पुलिस बल डुमैनी गांव छापेमारी करने पहुंची। बताया जाता है कि पुलिस ने रंगे हाथ पकड़ ओमप्रकाश पासवान व हरेंद्र पासवान को गिरफ्तार करने के उपरांत पुलिस वाहन में बिठा लिया।

इसी दौरान गिरफ्तार शराब धंधेबाज के अन्य करीब लोग पुलिस पर हमला कर किसी प्रकार पुलिस वाहन से गिरफ्तार शराब कारोबारी को उतारने में सफल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो ईंट पत्थर भी पुलिस पर फेंकी गई।

हालांकि पुलिस पथराव या हमले जैसी बातों से साफ तौर पर इंकार कर रही है। पुलिस का बताना है कि सिर्फ जबरन पुलिस वाहन से गिरफ्तार आरोपी को लोग छुडाकर ले भागे थे।

इस घटना की खबर ज्योंही मोनगर पुलिस को मिली तो काफी संख्या में पुलिस बल थानाध्यक्ष सचिन कुमार के नेतृत्व में घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति की गंभीरता को संतुलित कर आगे की कार्रवाई प्रारंभ की।

पुलिस रवि किशन पासवान को गिरफ्तार कर थाने के हाजत में बंद कर फरार धंधेबाज व पुलिस के साथ हाथापाई करने वाले लोगों की पहचान करने में जुटी है। एलटीएफ प्रभारी अफरोज आलम के द्वारा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

इसमें गिरफ्तार रवि किशन के अलावे फरार ओमप्रकाश पासवान, सुरेंद्र पासवान, रूपेश पासवान व रणवीर पासवान सहित दर्जन भर अज्ञात लोगों को आरोपित किया गया है।

आरोपियों के घर से 30 लीटर देसी शराब, शराब बनाने वाला चूल्हा, तसली, गैस सिलेंडर सहित कई प्रकार के उपकरणों की बरामदगी हुई है। थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस पर हमले जैसी कोई बात नहीं है। हां पुलिस के साथ जबरदस्ती की गई। इसकी जांच पडताल व आगे की कार्रवाई में पुलिस जुटी है।