विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

HM ने छात्रा के साथ की गंदी हरकत, समस्तीपुर में आक्रोशित ग्रामीणों ने किया हंगामा

By Dilip Kumar Edited By: Ajit kumar
Published: Mon, 11 May 2026 12:22 PM (IST)

Bad Touch Allegation: समस्तीपुर के वारिसनगर में एक स्कूल प्रधानाध्यापक पर छात्रा ने बैड टच का आरोप लगाया, जिसके बाद ...और पढ़ें

इस खबर में प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

इस खबर में प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है। 

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

संवाद सहयोगी, वारिसनगर (समस्तीपुर)। Allegation on School Headmaster: जिले के वारिसनगर प्रखंड स्थित एक विद्यालय में छात्रा द्वारा प्रधानाध्यापक पर बैड टच का आरोप लगाए जाने के बाद रविवार को जमकर हंगामा हुआ।

घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और अभिभावकों ने स्कूल परिसर में घंटों विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस को मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालनी पड़ी।

छात्रा के आरोप के बाद मचा हड़कंप

मामला मनियारपुर पंचायत के उत्क्रमित मध्य विद्यालय रामपुर उर्दू का है। आरोप है कि विद्यालय खुलने के बाद सातवीं कक्षा की एक छात्रा को प्रधानाध्यापक हरी राम अपने कार्यालय में ले गए।

पीड़ित छात्रा ने परिजनों को बताया कि पढ़ाई में कमजोर होने और नियमित स्कूल आने की बात कहते हुए एचएम ने उसके पीठ और कंधे पर हाथ रखा। छात्रा ने इसे गलत तरीके से छूना बताया और रोते हुए घरवालों से शिकायत की।

ग्रामीणों ने स्कूल में किया हंगामा

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और अभिभावक विद्यालय पहुंच गए। लोगों ने प्रधानाध्यापक के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और कार्रवाई की मांग की।

ग्रामीणों का कहना था कि विद्यालय जैसे स्थान पर इस तरह की शिकायत बेहद गंभीर है और मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। बढ़ते हंगामे के बीच प्रधानाध्यापक खुद को कमरे में बंद कर लिए।

पुलिस ने संभाली स्थिति

सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन ग्रामीणों का आक्रोश कम नहीं हुआ। बाद में वारिसनगर थाना से अतिरिक्त पुलिस बल के साथ अधिकारी पहुंचे और लोगों को समझाकर शांत कराया।

काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने प्रधानाध्यापक को कमरे से बाहर निकाला और सुरक्षा के बीच थाना ले गई। इस दौरान स्कूल परिसर में भारी भीड़ जमा रही।

आवेदन का इंतजार

थानाध्यक्ष सर्वेश कुमार झा ने बताया कि अब तक परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। एहतियात के तौर पर प्रधानाध्यापक को थाने में सुरक्षित रखा गया है और मामले की सूचना वरीय अधिकारियों को दे दी गई है।

उन्होंने कहा कि आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

एचएम ने आरोपों से किया इन्कार

दूसरी ओर आरोपित प्रधानाध्यापक हरी राम ने कहा कि उन्होंने छात्रा को सिर्फ पढ़ाई को लेकर समझाया था। उनके मुताबिक बातचीत के दौरान गलती से बच्ची के कंधे से हाथ छू गया था, लेकिन उनकी कोई गलत मंशा नहीं थी।