चौपाल में किसानों को बताए गए उन्नत खेती के गुर
रोसड़ा प्रखंड के भटंडी गांव में किसान चौपाल का आयोजन शुक्रवार को किया गया। भरवारी पंचायत के सरपंच रौशन चौधरी की अध्यक्षता में चौपाल के बीच किसानों को कृषि कार्य एवं सरकार की योजनाओं से संबंधित जानकारी दी गई।
समस्तीपुर । रोसड़ा प्रखंड के भटंडी गांव में किसान चौपाल का आयोजन शुक्रवार को किया गया। भरवारी पंचायत के सरपंच रौशन चौधरी की अध्यक्षता में चौपाल के बीच किसानों को कृषि कार्य एवं सरकार की योजनाओं से संबंधित जानकारी दी गई। चौपाल का संचालन करते हुए कृषि समन्वयक फणीश कुमार ने सरकार द्वारा चलाए जा रहे कृषि से संबधित विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने जल जीवन और हरियाली, जैविक खेती, सिचाई, कृषि यांत्रीकरण, प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना, मान धन योजना के बारे में जानकारी देते हुए किसानों को लाभान्वित होने की अपील की। साथ ही उपस्थित किसानों से फसल अवशेष को खेतों में नहीं जलाने का भी आग्रह किया। मौके पर मध्य विद्यालय भटंडी के छात्र - छात्राओं ने फसल अवशेष नहीं जलाने संबंधित जागरूकता चलाने का संकल्प लिया। किसान सलाहकार कपिलदेव राम ने किसानों से जैविक खेती अपनाने और जीरो टीलेज विधि से खेती करने के तौर तरीकों के बारे में जानकारी दी। मौके पर ब्रह्मादेव यादव, गंगा यादव, सुमन कुमार, सत्यनारायण यादव समेत दर्जनों किसान मौजूद थे।