अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर एडवा ने निकाला जुलूस
विभूतिपुर में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर प्रखंड के कल्याणपुर गंज चौक के समीप अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति अंचल कमेटी द्वारा महंगाई डीजल पेट्रोल और रसोई गैस की बढ़ती कीमत वापसी की मांग को लेकर जुलूस निकाला गया।
समस्तीपुर । विभूतिपुर में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर प्रखंड के कल्याणपुर गंज चौक के समीप अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति अंचल कमेटी द्वारा महंगाई, डीजल, पेट्रोल और रसोई गैस की बढ़ती कीमत वापसी की मांग को लेकर जुलूस निकाला गया। यह जुलूस कल्याणपुर उत्तर पंचायत सरकार भवन के प्रांगण से निकलकर महावीर चौक होते हुए काली स्थान होते हुए पुन: पंचायत सरकार भवन पर सभा में तब्दील हो गया। अंचल अध्यक्ष शांति देवी की अध्यक्षता में सभा हुई। सभा को जनवादी महिला समिति अंचल मंत्री सुलेखा कुमारी मुखिया ने संबोधित करते हुए कहा कि महिलाओं को शोषण, जुल्म व अत्याचार का प्रतिकार करने के लिए संगठित होकर आगे आना पड़ेगा। डीजल, पेट्रोल और रसोई गैस की कीमत बढ़ाकर सरकार जनता का कमर तोड़ने पर आमादा है। सरकार की नीतियों के खिलाफ महिलाओं को सड़कों पर भारी संख्या में उतरना होगा और मुंह तोड़ जवाब देना होगा। सभा को कल्याणपुर उत्तर पंचायत की मुखिया रिकू कुमारी, निशा कुमारी, ममता कुमारी, प्रमिला देवी, गीता देवी, कंचनमाला, कविता कुमारी, डीवाईएफआइ के जिला मंत्री महेश कुमार, संजय कुमार, विद्यानंद विद्यार्थी, डॉ. विष्णु देव प्रसाद सिंह, राम पुनीत वर्मा, बबलू कुमार, अवधेश कुमार आदि ने संबोधित किया।
4412 बुजुर्ग महिला समेत कुल 8447 को लगी कोरोना वैक्सीन
समस्तीपुर : अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर सोमवार को 60 वर्ष से अधिक उम्र की 4412 महिला समेत 8447 लोगों को कोरोना की वैक्सीन दी गई। कोविड-19 टीकाकरण के विशेष अभियान में काफी तेजी आई। इसके अलावा 45 से 59 वर्ष की 1003 को-मोर्बिड महिलाओं को भी वैक्सीन दी गई। सबसे अधिक सरायरंजन में 60 वर्ष से अधिक में 426 महिलाओं ने वैक्सीन ली। जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. सतीश कुमार सिन्हा ने बताया कि जिले में कुल 24 स्थानों पर टीकाकरण स्थल निर्धारित किया गया था। इसके लिए 10 हजार 800 वैक्सीन लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इसमें 78.2 फीसद का वैक्सीन किया जा सका। इसमें 81 स्वास्थ्य कर्मियों ने प्रथम डोज ली। 1051 स्वास्थ्य कर्मियों ने वैक्सीन की दूसरी डोज ली। इसके अलावा फ्रंट लाइन वर्करों 60 ने वैक्सीन की पहली डोज ली। इसके अलावा 41 फ्रंट लाइन वर्करों ने दूसरी डोज ली। वहीं 60 वर्ष से अधिक में 4412 महिला व 1480 पुरुष ने वैक्सीन ली। वहीं 45 से 60 वर्ष के बीमार लोगों में 1003 महिला और 319 पुरुष ने कोरोना वैक्सीन ली।