किसान सम्मान योजना में 1.44 करोड़ का फर्जीवाड़ा
समस्तीपुर में केंद्र सरकार की किसान सम्मान राशि योजना में फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है। कृषि अधिकारियों और कर्मचारियों की मिलीभगत से गरीब और जरूरतमंद किसानों की जगह इनकम टैक्स भरने वाले करीब तीन हजार संपन्न लोगों को योजना का लाभ दे दिया गया। उनके खाते में दो से लेकर 10 हजार की राशि भेज दी गई।
समस्तीपुर । समस्तीपुर में केंद्र सरकार की किसान सम्मान राशि योजना में फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है। कृषि अधिकारियों और कर्मचारियों की मिलीभगत से गरीब और जरूरतमंद किसानों की जगह इनकम टैक्स भरने वाले करीब तीन हजार संपन्न लोगों को योजना का लाभ दे दिया गया। उनके खाते में दो से लेकर 10 हजार की राशि भेज दी गई। पूरा फर्जीवाड़ा करीब एक करोड़ 44 लाख 68 हजार रुपये का बताया जा रहा है। जांच में फर्जीवाड़े का खुलासा होने के बाद केंद्र सरकार के कृषि विभाग, नई दिल्ली ने 1698 अवैध किसानों को अविलंब राशि लौटने का नोटिस भेजा है। इसकी जानकारी जिला कृषि पदाधिकारी को भी भेजी गई है। इस मामले में दोषी कई अधिकारियों और कर्मियों पर गाज भी गिर सकती है। राशि नहीं लौटने पर होगी कार्रवाई
जिला कृषि पदाधिकारी विकास कुमार ने बताया कि एक हजार छह सौ 98 फर्जी लाभुकों को नोटिस दी गई है। जिन किसानों को नोटिस भेजा है, उसमें विभूतिपुर, बिथान, दलसिंहसराय, हसनपुर, कल्याणपुर, खानपुर, मोहनपुर, मोहिउद्दीनगर, मोरवा, पटोरी, पूसा, रोसड़ा, समस्तीपुर, सरायरंजन, शिवाजीनगर, सिघिया, ताजपुर, उजियारपुर, विद्यापतिनगर, वारिसनगर प्रखंड के लोग शामिल है। कृषि विभाग ने राशि लौटाने के लिए वेबसाइट का पता भी नोटिस में दिया है। इसके साथ ही जिला कृषि कार्यालय, प्रखंड कृषि कार्यालय, कृषि समन्वयक और किसान सलाहकार के माध्यम से भी राशि को अविलंब लौटाने की सूचना संबंधित किसानों को दी जा रही है। समय पर राशि नहीं लौटाने वालों के खिलाफ कृषि विभाग कार्रवाई करने की भी तैयारी कर रहा है। ऐसे हुआ फर्जीवाड़ा
प्रखंड से लेकर जिला स्तर तक कृषि अधिकारी और कर्मचारियों की लापरवाही से 1698 किसानों ने योजना का लाभ ले लिया है। नियमानुसार यह योजना व्यवसायी या आर्थिक रूप से संपन्न किसानों के लिए नहीं है। केंद्र सरकार की कृषि विभाग के द्वारा जब आधार कार्ड से लाभुकों की जांच की गई तो वर्तमान में तीन हजार से अधिक किसान ऐसे मिले जिनकी आमदनी लाखों रुपये हैं और वह इनकम टैक्स भी जमा करते है। 1698 किसानों से वसूल की जाएगी राशि
सरायरंजन प्रखंड में 202 किसानों से आठ लाख 90 हजार, कल्याणपुर में 182 किसानों ने 16 लाख, उजियारपुर में 118 किसानों से 10 लाख 98 हजार, खानपुर में 118 किसानों ने 10 लाख 70 हजार, शिवाजीनगर में 103 किसानों से नौ लाख 32 हजार, सिघिया में 98 किसानों से नौ लाख 50 हजार, समस्तीपुर में 95 किसानों से 10 लाख 42 हजार, मोहिउद्दीनगर में 93 किसानों ने आठ लाख 20 हजार, वारिसनगर में 82 किसानों से पांच लाख 12 हजार, मोरवा में 81 किसानों ने सात लाख 70 हजार, हसनपुर में 74 किसानों से छह लाख 62 हजार, बिथान में 68 किसानों से पांच लाख 96 हजार, विभूतिपुर प्रखंड के 67 किसानों को पांच लाख 78 हजार, रोसड़ा के 60 किसानों से चार लाख 64 हजार, पूसा के 56 किसानों से पांच लाख 26 हजार, ताजपुर में 55 किसानों से पांच लाख 50 हजार, पटोरी के 41 किसानों ने तीन लाख 44 हजार, विद्यापतिनगर में 40 किसानों से चार लाख 68 हजार, दलसिंहसराय में 35 किसानों से तीन लाख 30 हजार, मोहनपुर में 30 किसानों ने दो लाख 66 हजार रुपये वसूल किया जाना है।