विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सहरसा : हथियार तान रहे बदमाशों पर ग्रामीणों का पलटवार, पिस्टल-कट्टा छीन कर द‍िया यह काम

Published: Fri, 06 Mar 2026 01:02 PM (IST)

सहरसा के महिषी उत्तरी पंचायत के कोयलाथान टोला में ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए मोटरसाइकिल सवार बदमाशों से हथियार छीन ...और पढ़ें

महिषी में बदमाशों पर भारी पड़े ग्रामीण, पिस्टल और कट्टा छीनकर पुलिस को सौंपा

महिषी में बदमाशों पर भारी पड़े ग्रामीण, पिस्टल और कट्टा छीनकर पुलिस को सौंपा

HighLights

  1. ग्रामीणों ने मोटरसाइकिल सवार बदमाशों से हथियार छीने।

  2. एक पिस्टल, दो कारतूस और एक कट्टा बरामद।

  3. पुलिस पहुंचने से पहले बदमाश मौके से फरार।

संवाद सूत्र, महिषी (सहरसा)। महिषी उत्तरी पंचायत के कोयलाथान टोला में बुधवार देर शाम ग्रामीणों ने साहस का परिचय देते हुए मोटरसाइकिल सवार बदमाशों से हथियार छीन लिया। ग्रामीणों ने बदमाशों से एक पिस्टल, दो कारतूस और एक कट्टा बरामद कर पुलिस को सौंप दिया। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही सभी बदमाश मौके से भागने में सफल रहे।

बाइक सवार तीन बदमाश पहुंचे कोयलाथान

मिली जानकारी के अनुसार बुधवार देर शाम बनगांव थाना क्षेत्र के चैनपुर गांव की ओर से एक बाइक पर सवार तीन बदमाश महिषी थाना क्षेत्र के कोयलाथान होते हुए समारी भरना की ओर जा रहे थे। इसी दौरान धेमुरा बांध से नीचे उतरते समय कोयलाथान निवासी किशोरी सादा से किसी बात को लेकर बदमाशों का विवाद हो गया।

विवाद के दौरान तान दिया हथियार

विवाद बढ़ने पर बदमाशों ने किशोरी सादा पर हथियार तान दिया। पास ही खड़े कुछ ग्रामीणों ने यह दृश्य देख लिया। हथियार ताने जाने की सूचना मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए और बदमाशों को घेर लिया।

भीड़ देख बदमाशों ने फेंक दिया हथियार

ग्रामीणों की बढ़ती भीड़ को देख बदमाशों ने अपने पास मौजूद हथियार को दूर फेंक दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने मौके पर खोजबीन कर हथियार बरामद कर लिया। ग्रामीणों ने बदमाशों को पकड़कर घटना की सूचना महिषी थाना पुलिस को दी।

पुलिस पहुंचने से पहले भाग निकले बदमाश

सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष जयशंकर कुमार के नेतृत्व में 112 टीम सहित अन्य पुलिस अधिकारी घटनास्थल के लिए रवाना हुए। लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही बदमाश ग्रामीणों के चंगुल से निकलकर भागने में सफल हो गए।

पुलिस को सौंपे गए हथियार

ग्रामीणों ने बदमाशों से छीने गए एक पिस्टल, दो 7.65 एमएम के कारतूस और एक कट्टा पुलिस को सौंप दिया। थानाध्यक्ष जयशंकर कुमार ने बताया कि बदमाशों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। जल्द ही सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।