शराब पार्टी की तस्वीर वायरल, सहरसा ब्लॉक प्रमुख बोलीं- मैं तो हर्बल टी पी रही थी
Saharsa Salkhua Liquor Party Viral Photo: सहरसा के सलखुआ में कथित शराब पार्टी की एक तस्वीर वायरल होने से राजनीतिक ...और पढ़ें

Saharsa Salkhua Liquor Party Viral Photo: शराब पार्टी की तस्वीर प्रसारित, प्रमुख बोलीं- हम तो 'हर्बल टी' पी रहे थे; पुलिस जांच शुरू
HighLights
सहरसा में कथित शराब पार्टी की तस्वीर हुई वायरल।
प्रखंड प्रमुख ने आरोपों को बताया राजनीतिक साजिश।
पुलिस कर रही मामले की गहन जांच, घर मिला बंद।
संवाद सूत्र, सलखुआ (सहरसा)। Saharsa Salkhua Liquor Party Viral Photo: बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून के बीच सहरसा जिले के सलखुआ प्रखंड क्षेत्र में इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रही एक विवादित तस्वीर ने पूरे इलाके में राजनीतिक व प्रशासनिक सरगर्मी बढ़ा दी है।
वायरल तस्वीर में कुछ लोग एक साथ मेज के इर्द-गिर्द बैठे नजर आ रहे हैं और इंटरनेट मीडिया पर इसे शराब पार्टी बताकर जमकर साझा किया जा रहा है। तस्वीर सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है और विरोधियों ने इसे मुद्दा बनाकर हमले तेज कर दिए हैं।
इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित तस्वीर को लेकर दावा किया जा रहा है कि काले रंग की गंजी में बैठे व्यक्ति प्रखंड प्रमुख के पति राकेश रोशन हैं, जबकि उनके समीप सफेद टी-शर्ट में कोपरिया पंचायत समिति सदस्य पीयूष गोयल नजर आ रहे हैं।
वहीं उनके ठीक बगल में सलखुआ प्रखंड प्रमुख सरिता संगम के उपस्थित होने का दावा किया जा रहा है। मेज पर रखे बर्तनों और कपों को लेकर इंटरनेट पर तरह-तरह के दावे किए जा रहे हैं। हालांकि, यह तस्वीर कब खींची गई और किस स्थान की है, इसकी कोई आधिकारिक व तकनीकी पुष्टि फिलहाल नहीं हो सकी है।
प्रमुख ने दी सफाई, कहा— हर्बल टी को बताया जा रहा शराब
तस्वीर को लेकर चौतरफा घिरने और विवाद गहराने के बाद प्रखंड प्रमुख सरिता संगम ने खुद सामने आकर पूरे मामले पर अपनी सफाई पेश की है। उन्होंने शराब सेवन के सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे विरोधियों की सोची-समझी राजनीतिक साजिश करार दिया।
सहरसा जिले के सलखुआ प्रखंड में इंटरनेट मीडिया पर कथित शराब पार्टी की तस्वीर तेजी से प्रसारित, सियासी पारा चढ़ा
तस्वीर में प्रखंड प्रमुख सरिता संगम, उनके पति राकेश रोशन और कोपरिया पंचायत समिति सदस्य पीयूष गोयल के होने का दावा
विवाद गहराने पर प्रखंड प्रमुख ने दी सफाई; कहा- शराब का आरोप बेबुनियाद, कप में 'हर्बल टी' पी रहे थे सभी
हकीकत खंगालने प्रमुख पति के आवास पर पहुंची पुलिस, घर बंद पाकर लौटी; थानाध्यक्ष बोले- जांच के बाद होगी कार्रवाई
प्रखंड प्रमुख ने स्पष्ट किया कि तस्वीर में दिख रहे लोग शराब नहीं, बल्कि स्वास्थ्य के लिए लाभदायक 'हर्बल टी' का सेवन कर रहे थे। उन्होंने कहा कि उनकी छवि को धूमिल करने और राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित होकर इस सामान्य घरेलू तस्वीर को शराब पार्टी का नाम देकर भ्रामक तरीके से प्रचारित किया जा रहा है।
घर पर जांच करने पहुंची पुलिस, बंद मिला ताला
मामला तूल पकड़ने और शराबबंदी कानून से जुड़े होने के कारण स्थानीय पुलिस प्रशासन भी तुरंत हरकत में आ गया। सलखुआ थानाध्यक्ष जितेंद्र ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस बल की एक विशेष टीम मामले की जमीनी हकीकत जानने और पूछताछ के लिए प्रमुख पति के आवास पर पहुंची। हालांकि, पुलिस के पहुंचने के समय घर पर कोई भी व्यक्ति मौजूद नहीं मिला और मुख्य द्वार बंद पाया गया।
थानाध्यक्ष जितेंद्र ठाकुर ने बताया कि इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित तस्वीर का संज्ञान लेते हुए पुलिस सभी तकनीकी व प्रत्यक्ष पहलुओं की सघन जांच कर रही है। तस्वीर के स्रोत और उसमें दिख रहे लोगों की सत्यता का वैज्ञानिक सत्यापन कराया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि तस्वीर में दिखने वाला पेय पदार्थ क्या था और मामले में विधिक नियमों के अनुसार अग्रतर कार्रवाई की जाएगी।
