सहरसा में मंत्री मिथिलेश तिवारी ने किया झंडोत्तोलन; कर्तव्यनिष्ठा के लिए DSO व OSD सम्मानित, देशभक्ति के रंग में रंगा शहर
सहरसा में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया, जहां शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने झंडोत्तोलन किया। इस ...और पढ़ें

सहरसा स्टेडियम में मुख्य राजकीय समारोह का हुआ आयोजन; DSO प्रमोद कुमार और OSD राजु कुमार को मिला विशेष सम्मान
HighLights
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने सहरसा में किया झंडोत्तोलन।
DSO प्रमोद कुमार और OSD राजू कुमार हुए सम्मानित।
तीन 'गुड सेमेरिटन' को भी विशेष रूप से पुरस्कृत किया गया।
जागरण संवाददाता, सहरसा। सहरसा जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास, गरिमा और राष्ट्रभक्ति के वातावरण में धूमधाम से मनाया गया। जिला प्रशासन की ओर से मुख्य राजकीय समारोह सहरसा स्टेडियम में आयोजित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री सह सहरसा जिला प्रभारी मंत्री मिथिलेश तिवारी ने नियत समय पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया और तिरंगे को सलामी दी।
ध्वजारोहण के उपरांत उपस्थित विशाल जनसमूह ने सामूहिक राष्ट्रगान गाकर तिरंगे को नमन किया। इसके बाद प्रभारी मंत्री ने खुली जिप में सवार होकर भव्य परेड का मुआयना किया। समारोह में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और गौरव की अनुपम छटा देखने को मिली, जहां लोगों ने स्वतंत्रता सेनानियों और राष्ट्र निर्माताओं के प्रति भावभीनी श्रद्धांजलि व्यक्त की।
DSO प्रमोद कुमार और OSD राजु कुमार को मिला सम्मान
मुख्य समारोह के दौरान प्रभारी मंत्री मिथिलेश तिवारी ने जिले में उत्कृष्ट, पारदर्शी और सराहनीय कार्य करने वाले प्रशासनिक पदाधिकारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
प्रशासनिक दायित्वों के प्रभावी निर्वहन, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा के लिए जिला आपूर्ति पदाधिकारी (DSO) प्रमोद कुमार तथा विशेष कार्य पदाधिकारी (OSD) राजु कुमार को मंच से सम्मानित किया गया। मंत्री ने अधिकारियों की पीठ थपथपाते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मानवीय मिसाल पेश करने वाले 'गुड सेमेरिटन' भी हुए पुरस्कृत
सड़क दुर्घटनाओं में तत्परता दिखाकर घायलों की जान बचाने और मानवीय संवेदना का परिचय देने वाले तीन 'गुड सेमेरिटन' को भी मंच से विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इनमें ज्योतिकांत कुमार, राजु कुमार और राकेश सरन शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त, स्वतंत्रता दिवस समारोह में भाग लेने वाली एनसीसी और कैडेट बटालियन की अनुशासित परेड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विभिन्न दलों को शील्ड और पुरस्कार प्रदान किए गए।
समारोह में मौजूद रहे जिले के सभी आलाधिकारी
इस गौरवमयी राजकीय समारोह में जिलाधिकारी, पुलिस उपमहानिरीक्षक (कोसी प्रक्षेत्र), पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त (डीडीसी), वरीय उप समाहर्ता सह जिला जनसंपर्क पदाधिकारी (डीपीआरओ), सदर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ), नगर निगम की महापौर सहित तमाम वरीय जिला स्तरीय पदाधिकारी, कर्मी और बड़ी संख्या में शहर के प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।
