सहरसा: NH-107 पर निर्माणाधीन पुल में गिरी साइकिल; कारू बाबा स्थान से लौट रहे व्यक्ति की मौत, बैरिकेडिंग न होने पर रोष
सहरसा के एनएच-107 पर निर्माणाधीन पुल से गिरकर 53 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। निर्माण एजेंसी की लापरवाही से ...और पढ़ें
-1786863128853_m.webp)
सोनवर्षाराज-सिमरी बख्तियारपुर मार्ग पर टेंगराहा मोड़ के पास देर रात हुआ हादसा; खगड़िया निवासी दिनेश सिंह की गई जान
HighLights
एनएच-107 पर निर्माणाधीन पुल से गिरकर मौत।
बैरिकेडिंग न होने से हुआ दर्दनाक सड़क हादसा।
निर्माण एजेंसी की लापरवाही पर ग्रामीणों में आक्रोश।
संवाद सूत्र, सिमरीबख्तियारपुर (सहरसा)। सहरसा जिले के बख्तियारपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सोनवर्षाराज-सिमरी बख्तियारपुर एनएच-107 पर टेंगराहा मोड़ के समीप शुक्रवार की देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार 53 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। सड़क निर्माण एजेंसी की घोर लापरवाही के कारण निर्माणाधीन पुल के पास कोई बैरिकेडिंग या घेराबंदी नहीं की गई थी, जिससे अंधेरे में साइकिल सवार सीधे पुल से नीचे पत्थरों पर जा गिरा। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
शनिवार की सुबह जब राहगीरों की नजर पुल के नीचे गिरे शव और साइकिल पर पड़ी, तब जाकर मामले का खुलासा हुआ। स्थानीय ग्रामीणों की सूचना पर बख्तियारपुर थानाध्यक्ष जनशंकर कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को बाहर निकाला।
काफी मशक्कत के बाद मृतक की शिनाख्त खगड़िया जिले के बेलदौर थाना क्षेत्र स्थित इटहरी बासा (कंजरी गांव, वार्ड संख्या 7) निवासी सुरेश प्रसाद सिंह के 53 वर्षीय पुत्र दिनेश सिंह के रूप में की गई।
कारू बाबा स्थान से पूजा कर साइकिल से लौट रहे थे घर
परिजनों के अनुसार, दिनेश सिंह प्रसिद्ध कारू बाबा स्थान पर पूजा-अर्चना करने के लिए घर से निकले थे। शुक्रवार देर रात पूजा समाप्त कर वह अपनी साइकिल से वापस खगड़िया स्थित अपने गांव लौट रहे थे।
जैसे ही वह टेंगराहा मोड़ के पास पहुंचे, सड़क पर घुप अंधेरा होने और निर्माणाधीन पुल के पास कोई डायवर्जन बोर्ड या लाल बत्ती/संकेतक न होने के कारण उन्हें रास्ता समझ नहीं आया। अनियंत्रित होकर वह सीधे गहरे गड्ढे में पत्थरों के बीच गिर गए। हालांकि पुल के नीचे पानी कम था, लेकिन पत्थरों से सिर टकराने के कारण मौके पर ही उनका प्राणांत हो गया।
परिजनों के पहुंचते ही मची चीख-पुकार
हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजन रोते-बिलखते घटनास्थल पर पहुंच गए। दिनेश सिंह का शव देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों के करुण क्रंदन से पूरा माहौल गमगीन हो गया। स्थानीय ग्रामीणों ने ढांढस बंधाकर किसी तरह परिजनों को संभाला।
बख्तियारपुर पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
निर्माण एजेंसी की लापरवाही पर उठे सवाल, बैरिकेडिंग की मांग
इस हृदयविदारक घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में एनएच निर्माण एजेंसी और ठेकेदारों की कार्यप्रणाली को लेकर भारी आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि एनएच-107 पर जगह-जगह पुल-पुलियों का निर्माण कार्य चल रहा है, लेकिन रात के समय हादसों को रोकने के लिए न तो कोई रिफ्लेक्टर या बैरिकेडिंग लगाई गई है और न ही प्रकाश की कोई व्यवस्था है। इसके चलते आए दिन राहगीर दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। ग्रामीणों ने निर्माण स्थल पर अविलंब सुरक्षात्मक उपाय करने की मांग की है।
