हवाई अड्डा रनवे विस्तार के लिए सहरसा में 174 रैयतों की जमीन चिह्नित; 147.76 करोड़ से 1121 मीटर तक बढ़ेगी रनवे की लंबाई
सहरसा हवाई अड्डे के विस्तार की प्रक्रिया तेज हो गई है, जहां उड़ान योजना के तहत रनवे विस्तार के लिए ...और पढ़ें

उड़ान योजना के तहत 15-20 सीटर विमानों के लिए 4.95 हेक्टेयर जमीन होगी अधिग्रहित; नरियार मौजा में 67 खेसरा चिह्नित
HighLights
उड़ान योजना के तहत सहरसा हवाई अड्डे का विस्तार।
रनवे विस्तार के लिए 174 रैयतों की जमीन चिह्नित।
854 मीटर रनवे 1121 मीटर तक बढ़ाया जाएगा।
जागरण संवाददाता, सहरसा। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी 'उड़ान योजना' (RCS-UDAN) के अंतर्गत सहरसा हवाई अड्डे से 15 से 20 सीटों वाले छोटे घरेलू विमानों के परिचालन की बहुप्रतीक्षित प्रक्रिया अब तेजी से धरातल पर उतरने लगी है। एक तरफ जहां हवाई अड्डे पर अत्याधुनिक पैसेंजर टर्मिनल और एटीसी भवन निर्माण को लेकर निविदा प्रक्रिया पूरी कर ली गई है, वहीं दूसरी तरफ जिला भू-अर्जन विभाग ने रनवे विस्तार के लिए 174 रैयतों की जमीन को चिह्नित करते हुए आधिकारिक सूची जारी कर दी है।
वर्तमान हवाई अड्डा रनवे के पश्चिमी छोर की ओर कुल 4.95705 हेक्टेयर (लगभग 12.25 एकड़) भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा। विभागीय सर्वे के अनुसार चिह्नित की गई इस जमीन में अधिकांश हिस्सा आवासीय भूमि का है।
नरियार मौजा के 67 खेसरा की भूमि शामिल
भू-अर्जन विभाग द्वारा कहरा अंचल अंतर्गत राजस्व थाना बनगांव (थाना संख्या 190) के नरियार मौजा में चिह्नित खेसरा की भूमि के रैयतों की आपत्तियों और दावों की सुनवाई के बाद यह अंतिम सूची तैयार की गई है। इसमें रैयतों के नाम के साथ खाता, खेसरा और रकबा दर्ज किया गया है। कुल 67 खेसरा चिह्नित किए गए हैं, जिनका अधिग्रहण कानून सम्मत प्रक्रिया पूरी कर किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार ने अप्रैल माह में ही सहरसा हवाई अड्डा रनवे विस्तार और भू-अधिग्रहण के लिए 147 करोड़ 76 लाख 56 हजार 180 रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की थी। इस अधिग्रहण के जरिए वर्तमान 854 मीटर लंबे रनवे को बढ़ाकर 1121 मीटर किया जाएगा, जिससे विमानों की सुरक्षित लैंडिंग और टेकऑफ संभव हो सकेगा।
24.95 करोड़ रुपये से बनेगा टर्मिनल भवन और एटीसी टावर
हवाई अड्डे के उन्नयन और नए टर्मिनल भवन निर्माण की जिम्मेदारी 'आध्याराज डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड' को सौंपी गई है। कंपनी को न्यूनतम दर (Lowest Bid) के आधार पर 24.95 करोड़ रुपये में इसका टेंडर आवंटित किया गया है।
परियोजना के तहत 1580 वर्ग मीटर क्षेत्र में दो मंजिला प्री-फैब्रिकेटेड स्टील टर्मिनल भवन बनाया जाएगा। इसके अलावा विमानों के सुरक्षित संचालन के लिए 165 वर्ग मीटर में अत्याधुनिक एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) टावर और 451 वर्ग मीटर में एक समर्पित फायर स्टेशन का निर्माण भी कराया जाएगा।
