सहरसा में जल्द शुरू होगा हवाई अड्डा, 42.52 करोड़ का टेंडर जारी; कोसी को मिलेगी नई उड़ान
कोसी प्रमंडल के लिए बहुप्रतीक्षित सहरसा हवाई अड्डे के विकास हेतु भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण ने ₹42.52 करोड़ की पहली निविदा जारी की है।

सहरसा में जल्द शुरू होगा हवाई अड्डा, 42.52 करोड़ का टेंडर जारी (AI Generated Image)
HighLights
सहरसा हवाई अड्डे के लिए ₹42.52 करोड़ की निविदा जारी।
अत्याधुनिक पैसेंजर टर्मिनल और एटीसी भवन का होगा निर्माण।
रनवे विस्तार हेतु 12 एकड़ भूमि का अधिग्रहण प्रक्रियाधीन।
जागरण संवाददाता, सहरसा। कोसी प्रमंडल के लिए बहुप्रतीक्षित हवाई सेवा का सपना अब जमीन पर उतरने लगा है। सहरसा हवाई अड्डे के विकास एवं उन्नयन के लिए भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) ने ₹42.52 करोड़ की पहली निविदा जारी कर दी है। इसके तहत अत्याधुनिक पैसेंजर टर्मिनल और एयर ट्रैफिक कंट्रोल भवन का निर्माण कराया जाएगा।
बुधवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म 'एक्स' पर पोस्ट यह जानकारी साझा करते हुए इसे कोसी क्षेत्र की कनेक्टिविटी और आर्थिक प्रगति के लिए ऐतिहासिक कदम बताया।
उड़ान परियोजना से पर्यटन व व्यापार को मिलेगी गति:
सहरसा हवाई अड्डे को केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी 'उड़ान' परियोजना में शामिल करने के उद्देश्य से 30 जून 2025 को बिहार सरकार और नागरिक उड्डयन मंत्रालय के बीच समझौता हुआ था। इसके निर्माण से सहरसा सहित पूरे सीमांचल व कोसी क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय व्यापार की संभावनाएं मजबूत होंगी।
15 से 20 सीटों वाले विमानों के लिए 1121 मीटर तक बढ़ेगा रनवे:
योजना के तहत यहां से 15 से 20 सीटों वाले छोटे घरेलू विमानों का परिचालन शुरू किया जाना है। इसके लिए वर्तमान 854 मीटर लंबे रनवे को बढ़ाकर 1121 मीटर किया जाएगा, जिससे छोटे विमानों की सुरक्षित लैंडिंग और टेकआफ संभव हो सकेगी।
रनवे विस्तार के लिए वर्तमान हवाई अड्डे के पश्चिमी छोर की ओर कुल 4.95705 हेक्टेयर (लगभग 12.25 एकड़) जमीन का अधिग्रहण होना है, जिसमें अधिकांश हिस्सा आवासीय भूमि का है।
राज्य सरकार ने रनवे विस्तार और भू-अधिग्रहण मद में ₹147 करोड़ 76 लाख 56 हजार 180 रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति गत अप्रैल में ही प्रदान कर दी है।
नरियार मौजा के 67 खेसरा की भूमि चिह्नित:
जिला भू-अर्जन विभाग ने रनवे विस्तार के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी करते हुए 174 रैयतों की आधिकारिक सूची जारी कर दी है।
कहरा अंचल अंतर्गत राजस्व थाना बनगांव (थाना संख्या 190) के नरियार मौजा में दावों व आपत्तियों के निस्तारण के बाद 67 खेसरा चिह्नित किए गए हैं। रैयतों के नाम, खाता, खेसरा और रकबा के साथ अंतिम सूची तैयार कर विधि सम्मत अधिग्रहण की कार्रवाई को आगे बढ़ाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का पोस्ट:
सहरसा को हवाई संपर्कता देने की दिशा में ऐतिहासिक कदम! देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का आभार। सहरसा हवाई अड्डे के विकास एवं उन्नयन हेतु एएआइ द्वारा ₹42.52 करोड़ की निविदा प्रकाशित कर दी गई है। ये पूरे कोसी क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि है। 12 एकड़ भूमि ₹147 करोड़ की लागत से राज्य सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही है। इससे सहरसा सहित पूरे कोसी क्षेत्र को शीघ्र हवाई संपर्कता मिलने की राह प्रशस्त होगी।
