शहर में कई जगहों पर लगेगा सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट
सहरसा : शुक्रवार को राष्ट्रीय पर्यावरण अभियांत्रिकी अनुसंधान संस्थान नागपुर के वैज्ञानिकों क
सहरसा : शुक्रवार को राष्ट्रीय पर्यावरण अभियांत्रिकी अनुसंधान संस्थान नागपुर के वैज्ञानिकों की टीम ने नगर परिषद क्षेत्र में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के अधिष्ठापन को लेकर स्थल निरीक्षण किया। टीम ने शहर के अलग-अलग वार्डो की जनसंख्या और डिस्चार्ज वाटर के संबंध में आंकड़े इकट्ठे कर विभिन्न स्थलों का जायजा भी लिया।
टीम में शामिल वैज्ञानिक डॉ. योगेश पाकडे तथा जोविन जोसेफ, नगरपरिषद में कार्यपालक पदाधिकारी नीलाभ कृष्ण, सहायक अभियंता रत्नेश कुमार, स्टॉर्म वाटर का काम देख रही कंपनी के प्रोजेक्ट इंजीनियर अम्बती रेड्डी ने पॉलिटेक्निक ढाला, तिलाबे धार और मत्स्यगंधा झील के पास स्थल का निरीक्षण किया। कार्यपालक पदाधिकारी द्वारा टीम को शहरी क्षेत्र में जलजमाव और ड्रेनेज व्यवस्था को लेकर विस्तृत जानकारी दी गई। इससे जुड़े आंकड़े और नक्शे उपलब्ध कराए गए। सहायक अभियंता द्वारा ड्रेनेज व्यवस्था के तकनीकी पक्ष पर टीम से सहयोग किया गया तथा निर्माण में उनके पास उपलब्ध आंकड़ों को साझा करने की बात कही। नगरपरिषद की ओर से कार्यपालक पदाधिकारी ने शीघ्र ही इस सर्वे को पूर्ण करके समय पर काम करने का आग्रह टीम से किया गया। टीम के सदस्यों ने कहा कि शहर के जलजमाव की समस्या के निदान के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। कार्यपालक पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि नेशनल मिशन फॉर क्लीन गंगा प्रोजेक्ट में सहरसा को शामिल किये जाने के बाद नागपुर से पहुंची टीम द्वारा सर्वे किया जा रहा है। जिसके बाद शहर के गंदे पानी को सिवरेज सिस्टम प्लांट के माध्यम से स्वच्छ कर नदियों में बहाया जाएगा।