पटना नहीं, सोनपुर तक ही जाएगी राज्यरानी एक्सप्रेस; चेक करें नया रूट और शेड्यूल
राजेंद्र पुल दोहरीकरण कार्य के कारण रेलवे ने ललितग्राम-पटना राज्यरानी एक्सप्रेस सहित कुछ ट्रेनों के परिचालन में अस्थायी बदलाव किया है।

पटना नहीं, सोनपुर तक ही जाएगी राज्यरानी एक्सप्रेस
HighLights
राजेंद्र पुल दोहरीकरण कार्य के कारण ट्रेनों में बदलाव।
राज्यरानी एक्सप्रेस 22 सितंबर से 4 अक्टूबर तक सोनपुर जाएगी।
ललितग्राम-पटना और सहरसा-पटना एक्सप्रेस के मार्ग में अस्थायी परिवर्तन।
संवाद सूत्र, सहरसा। पूर्व मध्य रेल बरौनी-मोकामा के बीच राजेंद्र पुल दोहरीकरण परियोजना के तहत प्रस्तावित इंटरलॉकिंग कार्य को देखते हुए रेलवे ने ललितग्राम-पटना राज्यरानी एक्सप्रेस सहित कुछ ट्रेनों के परिचालन में अस्थायी बदलाव किया है। इस अवधि में राज्यरानी एक्सप्रेस का संचालन पटना के बजाय सोनपुर तक किया जाएगा।
15509 ललितग्राम-पटना राज्यरानी एक्सप्रेस
रेलवे द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, गाड़ी संख्या 15509 ललितग्राम-पटना राज्यरानी एक्सप्रेस का परिचालन 22 सितंबर से 4 अक्टूबर 2026 तक परिवर्तित मार्ग से किया जाएगा। इस दौरान ट्रेन बेगूसराय, बरौनी, शाहपुर पटोरी और हाजीपुर होते हुए सोनपुर तक जाएगी।
15510 पटना-ललितग्राम राज्यरानी एक्सप्रेस
वहीं, गाड़ी संख्या 15510 पटना-ललितग्राम राज्यरानी एक्सप्रेस 21 सितंबर 2026 को अपने निर्धारित मार्ग की बजाय पटना से प्रस्थान कर पाटलिपुत्र, हाजीपुर, शाहपुर पटोरी, बरौनी, बेगूसराय, खगड़िया और सहरसा के रास्ते ललितग्राम पहुंचेगी।
22 सितंबर से 3 अक्टूबर 2026 तक 15510 राज्यरानी एक्सप्रेस का प्रस्थान स्टेशन पटना के बजाय सोनपुर तक होगा। यह ट्रेन हाजीपुर, शाहपुर पटोरी, बरौनी और सहरसा के रास्ते ललितग्राम तक संचालित होगी।
15503 सहरसा-पटना राज्यरानी एक्सप्रेस
इसके अलावा, गाड़ी संख्या 15503 सहरसा-पटना राज्यरानी एक्सप्रेस 25 सितंबर, 28 सितंबर और 2 अक्टूबर 2026 को सहरसा से सोनपुर तक ही चलाई जाएगी। यह ट्रेन बरौनी, शाहपुर पटोरी और हाजीपुर होते हुए सोनपुर पहुंचेगी।
15504 पटना-सहरसा राज्यरानी एक्सप्रेस
इसी प्रकार, गाड़ी संख्या 15504 पटना-सहरसा राज्यरानी एक्सप्रेस 24 एवं 27 सितंबर तथा 1 और 2 अक्टूबर 2026 को पटना स्टेशन के स्थान पर सोनपुर से प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन हाजीपुर, शाहपुर पटोरी, बरौनी, खगड़िया होते हुए सहरसा तक जाएगी।
