सहरसा: सिमरीबख्तियारपुर में 4152 परिवारों को मिलेगा पक्का घर, प्रधानमंत्री आवास योजना को मिली स्वीकृति
सिमरीबख्तियारपुर नगर परिषद क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 के तहत 4,152 पक्के आवासों को मंजूरी मिली है। इससे हजारों ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर
HighLights
सिमरीबख्तियारपुर में 4,152 पक्के आवासों को मिली सरकारी स्वीकृति।
प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 के तहत गरीब परिवारों को लाभ।
नगर परिषद क्षेत्र में खुशी का माहौल, विकास को गति।
संवाद सूत्र, सिमरीबख्तियारपुर (सहरसा)। नगर परिषद सिमरीबख्तियारपुर क्षेत्र के हजारों गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है।
प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 के तहत नगर परिषद क्षेत्र के लिए 4,152 पक्के आवासों की स्वीकृति मिली है। बड़ी संख्या में आवास स्वीकृत होने से लंबे समय से पक्के घर की आस लगाए बैठे परिवारों में खुशी का माहौल है।
इस उपलब्धि पर सभापति प्रतिनिधि मु. हस्सान आलम व उपसभापति प्रतिनिधि विकास कुमार विक्की ने प्रसन्नता जताते हुए इसे नगर परिषद प्रशासन के प्रयासों और नगरवासियों के विश्वास का परिणाम बताया।
उन्होंने कहा कि आवास योजना के माध्यम से गरीब परिवारों को सुरक्षित और पक्की छत उपलब्ध कराने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है।
अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे योजना का लाभ
हसन आलम ने कहा कि नगर परिषद क्षेत्र के कई परिवार वर्षों से पक्के मकान के लिए प्रयासरत थे। 4,152 आवासों की स्वीकृति से इन परिवारों के अपने घर के सपने को साकार करने का रास्ता साफ हुआ है।
उन्होंने कहा कि नगर परिषद का प्रयास है कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे।
उन्होंने इस स्वीकृति के लिए केंद्र और बिहार सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। विकास कुमार विक्की ने कहा कि योजना के क्रियान्वयन में पात्रता और पारदर्शिता का पूरा ध्यान रखा जाएगा, ताकि वास्तविक जरूरतमंद परिवारों को ही इसका लाभ मिल सके।
निर्माण प्रक्रिया में तेजी लाने की अपील
दोनों प्रतिनिधियों ने अधिकारियों और संबंधित कर्मियों से आवास योजना की प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाने की अपील की। उन्होंने कहा कि लाभार्थियों के चयन से लेकर निर्माण तक प्रत्येक स्तर पर पारदर्शिता बरती जानी चाहिए। किसी भी पात्र लाभार्थी को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े, इसका भी ध्यान रखा जाएगा।
नगरवासियों में खुशी का माहौल
4,152 आवासों की स्वीकृति की जानकारी मिलने के बाद नगर परिषद क्षेत्र में खुशी का माहौल है। विभिन्न वार्ड के पार्षदों और स्थानीय समाजसेवियों ने भी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए नगरवासियों को बधाई दी। स्थानीय लोगों का कहना है कि बड़े पैमाने पर पक्के आवासों के निर्माण से न केवल गरीब परिवारों को छत मिलेगी, बल्कि नगर परिषद क्षेत्र के विकास को भी नई गति मिलेगी।
