दो शराब कारोबारी की जब्त होगी एक करोड़ की संपत्ति
सहरसा। शराब का कारोबार कर संपत्ति अर्जित करने वालों पर अब शिकंजा कसने लगा है। जिले स
सहरसा। शराब का कारोबार कर संपत्ति अर्जित करने वालों पर अब शिकंजा कसने लगा है। जिले से भेजे गये तीन कारोबारी के प्रस्ताव में से दो की संपत्ति जब्त करने की स्वीकृति मिल चुकी है। जबकि एक कारोबारी की संपत्ति जब्त करने की स्वीकृति भी जल्द मिलने की संभावना है।
पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि शराबबंदी के बाद कारोबार में शामिल रिफ्युजी कॉलोनी निवासी मो. इकरामुल, दिधिया निवासी अशोक यादव के संपत्ति में 22 गुणा बढ़ोत्तरी हुई है। उन्होंने बताया कि मो. इकरामुल पर तीन व अशोक यादव पर पांच मामले विभिन्न थाना में दर्ज है। मामला सत्य पाए जाने के बाद दोनों की संपत्ति का आकलन कर जब्त करने का प्रस्ताव मुख्यालय को भेजा गया था। इकरामुल के पास 53 लाख व अशोक के पास 55 लाख की संपत्ति रहने का आकलन किया गया था। जिसे जब्त करने का प्रस्ताव आर्थिक अपराध इकाई को भेजा गया था। मुख्यालय से इसकी जांच के बाद दोनों की संपत्ति को जब्त करने की स्वीकृति दे दी गई है और प्रस्ताव प्रवर्तन निदेशालय को भेजा जा चुका है। एसपी ने बताया कि इसके अलावा चिरैया ओपी क्षेत्र के रामानंद यादव की संपत्ति जब्त करने का प्रस्ताव भेजा गया था। इनकी करीब 60 लाख की संपत्ति का आकलन किया गया था। जांच हो चुकी है और जल्द ही स्वीकृति मिलने की संभावना है।
एसपी ने कहा कि अन्य कारोबारी के संपत्ति का आकलन करने में पुलिस जुटी हुई है। पांच लाख से अधिक की संपत्ति अर्जित करने वालों के खिलाफ प्रस्ताव भेजने का निर्देश है। जबकि जिन दो कारोबारी के संपत्ति जब्त की स्वीकृति मिली है उसके अन्य नामी, बेनामी संपत्ति के संबंध में भी छानबीन की जा रही है। कोट शराबबंदी के बाद अवैध रूप से शराब का कारोबार करने वाले लोगों पर पुलिस की नजर है। किसी को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे लोगों की संपत्ति भी जब्त होगी। फिलहाल दो की स्वीकृति मिल चुकी है। -राकेश कुमार, एसपी, सहरसा