विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सहरसा में दांत दर्द की दवा लाने में हुई देरी तो महिला ने दो मासूमों संग खाया जहर, 18 महीने की बच्ची की मौत

Published: Fri, 24 Jul 2026 06:11 AM (IST)

सहरसा के सौरबाजार में दांत दर्द की दवा को लेकर हुए विवाद के बाद एक महिला ने अपने दो बच्चों के साथ कीटनाशक खा लिया।

प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर।

प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर।

HighLights

  1. दांत दर्द की दवा को लेकर हुआ विवाद।

  2. महिला ने बच्चों संग कीटनाशक का सेवन किया।

  3. 18 माह की बच्ची की दुखद मौत हुई।

संवाद सूत्र, सौरबाजार (सहरसा)। थाना क्षेत्र के नादो पंचायत के मधुरा गांव में बुधवार की देर शाम एक दर्दनाक घटना प्रकाश में आया है।

दांत दर्द की दवा को लेकर हुए विवाद के बाद एक महिला ने कीटनाशक दवा खा ली और अपने दो मासूम बच्चों को भी पिला दिया। इस घटना में 18 माह की बच्ची की मौत हो गई, जबकि महिला और उसका तीन वर्षीय पुत्र का इलाज सहरसा के निजी क्लिनिक में चल रहा है।

मृत बच्ची की पहचान लालू राम की 18 माह की पुत्री डिंपल भारती के रूप में हुई है। वहीं, 26 वर्षीय सोनी देवी एवं उनका पुत्र तीन वर्षीय गोलू कुमार का इलाज सहरसा के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।

बताया जाता है कि सोनी देवी के दांत में दर्द था। उसने अपने पति लालू राम से दवा लाने को कहा। पति ने पहले मवेशियों के लिए चारा काटने के बाद दवा लाने की बात कही।

इसी बात से नाराज होकर महिला ने घर बंद कर कीटनाशक दवा खा ली। उसने अपने दोनों बच्चों को भी वही दवा पिला दी। जब पति दवा लेकर वापस लौटा तो पत्नी और दोनों बच्चे अचेत अवस्था में मिले।

बच्ची की मौत

इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को इलाज के लिए सहरसा ले जाया गया। रास्ते में ही 18 माह के डिंपल भारती की मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सहरसा भेज दिया। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।

यह भी पढ़ें- खगड़िया में मानवता शर्मसार, पैसों के अभाव में 3 दिनों तक पति के शव के पास बैठी रही पत्नी