विवाहिता को प्रेमजाल में फांसने के चक्कर में हवालात
किशनगंज। विवाहित महिला को मोबाइल के जरिए प्रेमजाल में फांसने के चक्कर में एक युवक खुद फं
किशनगंज। विवाहित महिला को मोबाइल के जरिए प्रेमजाल में फांसने के चक्कर में एक युवक खुद फंस गया। विवाहिता के परिजनों ने पकड़े गए उक्त युवक को पुलिस के हवाले कर दिया। जिसे पौआखाली थाने की पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेजने की तैयारी में जुट गई है। गिरफ्तार युवक अभिषेक बैठा उर्फ बैजनाथ पिता लाल बाबू बैठा उम्र करीब 22 वर्ष मोतिहारी जिले के मुफस्सिल थाना अंतर्गत बसावनपुर गांव का रहने वाला है। वहीं विवाहित महिला उत्तर प्रदेश की रहने वाली है। जो गत तीन वर्षों से अपने पति के साथ पौआखाली में रह रही है। उसके पति यहां खोमचा लगाकर जीवन यापन करते हैं। वहीं संबंध में थानाध्यक्ष इकबाल अहमद खां ने बताया कि पीड़ित महिला के बयान पर केस दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है। इस बिदु पर भी जांच की जा रह है कि किन परिस्थितियों में आरोपित युवक पौआखाली पहुंचा।
पीड़िता के अनुसार आरोपित युवक बीते कई महीने से उसे परेशान कर रहा था और फोन पर गंदी-गंदी बातें किया करता था। वहीं पीड़िता ने यह भी बताया कि मेरे ममेरे भाई ने ही आरोपित युवक को मेरा मोबाइल नंबर दिया था। ताकि वो उसे परेशान कर सके। उक्त ममेरा भाई भी कुछ माह तक महिला के घर रूका था। इसी दौरान महिला व उसके पति से अनबन होने के कारण वह यहां से चला गया था। लेकिन जाने के बाद ही उसने आरोपित युवक को उसका मोबाइल नंबर दे दिया। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि आरोपित उस पर शारीरिक संबंध बनाने के लिए दवाब दे रहा था। जिससे परेशान होकर उसने हिम्मत दिखाते हुए अपने पति को सारी बातें बताई और उसे यहां बुलाया। मोतिहारी से किशनगंज पहुंच कर आरोपित युवक ऑटो से पौआखाली पहुंचा। यहां आते ही वह युवक पकड़ा गया। घटना की खबर सुनते ही आसपास के लोग भी पहुंचे और उसकी जमकर धुनाई कर दी। इसके बाद उक्त महिला ने पुलिस को शिकायत कर सारी बातें बताई। वहीं आरोपित युवक ने बताया कि उक्त महिला से वह व्हाटसएप व मोबाइल पर बहुत पहले से बातें किया करता था। कई बार वीडियो कॉल करने की बात भी उसने बताई। उसने यह भी बताया कि यहां महिला द्वारा बुलाए जाने के बाद उसका मोबाइल भी तोड़ दिया गया। हालांकि अब पूरे मामले की जांच पड़ताल में पुलिस जुट गई है।