विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 06, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

बलुआहा महासेतु का 40वां स्पैन नदी में गिरा

By Edited By:
Published: Fri, 06 Sep 2013 07:11 PM (IST)Updated: Fri, 06 Sep 2013 07:13 PM (IST)

News Article Hero Image

जागरण प्रतिनिधि, सहरसा : 531 करोड़ रुपये की लागत से कोसी नदी पर बन रहे बलुआहा घाट महासेतु का 17 सेगमेंट वाला 40वां स्पैन (50 मीटर लंबा व 15.5 मीटर चौड़ा) नदी में गिर गया। इस हादसे में आधा दर्जन मजदूर जख्मी हो गए। उनका इलाज सहरसा के निजी नर्सिग होम में जारी है। पुल निर्माण से जुड़े अधिकारियों ने दावा किया कि सारे मजदूर सुरक्षित बचा लिए गए है, कोई भी हताहत नहीं हुआ है। इस बीच बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड के अध्यक्ष संजीव हंस ने कहा कि इस हादसे की जांच के आदेश दिए गए है। वे स्वयं घटनास्थल पर पहुंच रहे हैं। घटना के लिए जो भी लोग दोषी पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

2012 में सेवा यात्रा के दौरान सहरसा पहुंचने पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 14 जनवरी को इस पुल का शुभारंभ करने की घोषणा की थी। इस हादसे के बाद आगामी 14 जनवरी को पुल के चालू होने की उम्मीद क्षीण पड़ती दिख रही है। इससे पहले बलुआहा पुल के सेंगमेंट में दो बार दरार पड़ जाने की वजह से कार्य की गति में व्यवधान में आ चुका है। तीसरा हादसा शुक्रवार की सुबह 9.45 बजे हुआ। 40वें स्पैन पर 17 सेगमेंट को जोड़ने का काम चल रहा था। स्पैन पर 32 मजदूर काम कर रहे थे। जख्मी मजदूरों के अनुसार हादसे के वक्त दो मजदूर बियरिंग पर काम रहे थे। 11 मजदूर स्पैन के ऊपर थे। तीन मजदूर लांचर पर थे। शेष मजदूर इधर-उधर काम कर रहे थे। हादसे में जख्मी जहानाबाद निवासी मजदूर मनोज कुमार ने बताया कि सुबह करीब 9.45 बजे स्पैन थरथराने लगा। वे लोग कुछ समझ पाते इससे पहले सभी 17 सेगमेंट नदी में गिरने लगे। स्पैन गिरता देख कुछ मजदूरों ने नदी में छलांग लगा दी तो कुछ मजदूर लांचर का केबल व पिलर की दीवार पकड़ कर लटक गए। मनोज ने बताया कि वह खुद भी बेहोश हो गया। पानी में छलांग लगाने वाले तीन मजदूरों रोहित कुमार, राजेश्वर यादव, जयकृष्ण कुमार को नाव से निकाला गया। इन तीनों के अलावा इस घटना में जख्मी हुए मनोज कुमार, ललन पासवान एवं राजन मिश्रा को इलाज के लिए सहरसा भेजा गया। पानी में कूदने वाला एक अन्य मजदूर सतीश कुमार खुद तैरकर बाहर निकला। जिला प्रशासन के निर्देश पर महिषी के सीओ गंगेश झा व थानाध्यक्ष नन्हकू राम ने मौके का मुआयना किया। झा ने बताया कि पुल निर्माण से जुड़े पदाधिकारियों ने बताया कि तीन मजदूर नदी में गिरे थे। उन्हें पानी से निकालने के बाद इलाज के लिए भेजा गया है। सारे मजदूर सुरक्षित हैं।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर