ताजिया जुलूस के दौरान करंट लगने से दो की मौत
रोहतास। जिले के चेनारी व तिलौथू थाना क्षेत्र में रविवार को ताजिया जुलूस के दौरान विद्युत प्रवाहि
रोहतास। जिले के चेनारी व तिलौथू थाना क्षेत्र में रविवार को ताजिया जुलूस के दौरान विद्युत प्रवाहित तार की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई है। जबकि तीन दर्जन से अधिक लोग जख्मी हो गए। घटना के बाद ग्रामीणों में विद्युत विभाग के विरुद्ध आक्रोश व्याप्त है। दोनों जगहों पर अधिकारी कैंप कर ग्रामीणों के साथ बैठक कर रहे हैं। वहीं डीएम ने घटना की जांच का निर्देश अधिकारियों को दिया है। जिसकी लापरवाही पाई जाएगी, उसपर ठोस कार्रवाई होगी।
चेनारी के पेवंदी काली मंदिर के समीप आज 33 हजार वोल्ट के विद्युत प्रवाहित तार की चपेट में ताजिया जुलूस आ गया। जिससे एक की मौत इलाज के दौरान हो गई, वहीं दो दर्जन लोग जख्मी हो गए। जिन्हें इलाज के लिए विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। मृतक लोधी निवासी परवेज अंसारी 30 वर्ष बताया जाता है। जबकि घायलों में मुख्तार अंसारी, शाहनवाज अंसारी, इस्तेखार अंसारी, अमीनुद्दीन अंसारी,वकील अंसारी, मनुवर अंसारी,सिराजुद्दीन, मु़ख्तार अंसारी,राजू अन्सारी, जुबैर अंसारी, राहुल अंसारी, इम्तेयाज अंसारी,नसीम अंसारी, सिराज अंसारी, वाशिम अंसारी, इरफान अंसारी, अरमान अंसारी,अजहर अंसारी,शाहबाज अंसारी,आसिफ अंसारी,मुस्लिम अंसारी कैसर अंसारी,मंजुल अंसारी सभी लोधी गांव के रहने वाले हैं। घटना के बाद में गांव में अफरातफरी का माहौल कायम हो गया। सूचना पर पहुंचे सिविल सर्जन डॉ. नवल किशोर प्रसाद ¨सहा ने अस्पताल पहुंच घायलों को देख समुचित इलाज का भरोसा दिलाया। चिकित्सकों व कर्मियों को किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने की सख्त हिदायत दी। जानकारी के मुताबिक लोधी गांव से ताजिया जुलूस लेकर लोग पेवंदी गांव में घूमा रहे थे। इसी दौरान 33 हजार के विद्युत प्रवाहित तार की चपेट में आ गए, करंट से दो दर्जन लोगा बुरी तरह से झुलस गए। जिसमें परवेज अंसारी की मौत इलाज के दौरान अस्पताल में हो गई। घटना स्थल पर कोई प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों के नहीं पहुचंने से ग्रामीणों में काफी आक्रोश व्याप्त था। ग्रामीणों की माने तो विद्युत विभाग की लापरवाही से यह हादसा हुआ। पूर्व में ज्ञापन सौंपने के बाद भी विभाग जुलूस के दौरान बिजली को नहीं काटा था। वहीं अधिकारियों की माने तो रास्ता संकीर्ण होने के कारण जुलूस वैसे मार्ग से जा रहा था, जिसे प्रतिबंधित किया गया था। जिस रास्ते से जुलूस को निकलना था, उस रास्ते में विभाग द्वारा 11 हजार वोल्ट तक लाइन को काट दिया था। लेकिन वैसे रूट में लाइन काटने की आवश्यकता नहीं महसूस हुई, जिसे प्रतिबंधित किया गया था। वहीं तिलौथू के कोडर गांव के तरेगन की मौत करंट लगने से तब हुई, जब वह मुहर्रम जुलूस में ताजिया अपने कंधे पर लेकर चल रहा था। इसी क्रम में ग्यारह हजार वोल्ट की तार से ताजिया सट गया। जिससे तरेगन बुरी तरह झुलस गया। इलाज के क्रम में उसकी एनएमसीएच जमुहार में मौत हो गई।
डीएम अनिमेष कुमार पराशर ने कहा कि चेनारी में ताजिया जुलूस के दौरान करंट लगने से दो की मौत व कई के जख्मी होने की सूचना है। अधिकारियों को घटनास्थल पर भेज दिया गया है। मामले में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनपर कार्रवाई की जाएगी। कहा कि मृतक के परिजन को आपदा राहत के तहत निर्धारित मुआवजा राशि दी जाएगी।