ठनका गिरने से दो किशोर की मौत, दो घायल
रोहतास। जिले में रविवार को बारिश व तेज घन गरज के साथ विभिन्न थाना क्षेत्र में आकाशीय बिज
रोहतास। जिले में रविवार को बारिश व तेज घन गरज के साथ विभिन्न थाना क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से दो किशोर की मौत घटनास्थल पर ही हो गई, जबकि दो अन्य बुरी तरह झुलस गए। जिन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां वे जीवन व मौत के बीच जूझ रहे हैं। मृतकों में सासाराम मुफस्सिल थाना क्षेत्र के महद्दीगंज निवासी रामबालक राम के 12 वर्षीय पुत्र गोलू कुमार व इसी गांव के मंगरू राम के 17 वर्षीय पुत्र गांधी कुमार शामिल है, जबकि 12 वर्षीय अजय कुमार बुरी तरह झुलस गया। जिसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं दरिगांव थाना क्षेत्र के करसेरूआं गीताघाट आश्रम के पास ठनका गिरने से 55 वर्षीय रामचंद्र साह घायल हो गए। उनका भी इलाज सदर अस्पताल में कराया जा है। मृत दोनों किशोर अपने घर के इकलौते पुत्र बताए जा रहे हैं। पुत्र के दीर्घायु होने की कामना का व्रत जीवित्पुत्रिका के दिन घटी इस घटना से घर में हाहाकार मचा है।
ग्रामीणों की माने तो गोलू, गांधी व अजय जीवित्पुत्रिका व्रत को ले मां के लिए गांव से उत्तर तरफ स्थित नहर के किनारे झूर का पौधा लाने गए थे। इसी क्रम में बारिश शुरू होने के कारण तीनों एक पेड़ के नीचे जाकर छिप गए। तभी तेज घन गरज के साथ गिरी आकाशीय बिजली की चपेट में तीनों आ गए। जिसमें से गोलू व गांधी की मौत मौके पर ही हो गई, जबकि अजय बुरी तरह झुलस गया है। वहीं दरिगांव थाना क्षेत्र के करसेरूआं स्थित गीताघाट आश्रम के पास हुए वज्रपात से खेत में काम कर रहे रामचंद्र साह झुलस गए।