विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

तुतला भवानी धाम में बड़ा हादसा टला, हैंगिंग ब्रिज का पटरा टूटा; दो श्रद्धालु घायल, रोहतास में तीन घंटे बंद रहा रास्ता

Published: Mon, 31 Aug 2026 08:19 PM (IST)

मां तुतला भवानी धाम में हैंगिंग ब्रिज का एक पटरा टूटने से दो श्रद्धालु घायल हो गए, जिससे कुछ समय ...और पढ़ें

मां तुतला भवानी धाम में हैंगिंग ब्रिज का एक पटरा टूटा

मां तुतला भवानी धाम में हैंगिंग ब्रिज का एक पटरा टूटा

HighLights

  1. तुतला भवानी धाम में हैंगिंग ब्रिज का पटरा टूटा।

  2. घटना में दो श्रद्धालु घायल, पुल पर अफरातफरी मची।

  3. तीन घंटे बाद मरम्मत कर पुल फिर से खोला गया।

संवाद सूत्र, तिलौथू (रोहतास)। कैमूर पहाड़ी की तराई में स्थित प्रसिद्ध मां तुतला भवानी धाम में सोमवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब श्रद्धालुओं की आवाजाही के दौरान हैंगिंग ब्रिज का एक पटरा टूट गया। घटना में दो श्रद्धालुओं के घायल होने की सूचना है। दोनों को सुरक्षित पुल से बाहर निकाला गया, जिसके बाद कुछ देर के लिए पुल पर आवागमन रोक दिया गया।

घायलों में तिलौथू निवासी विशाल कुमार और एक अन्य श्रद्धालु शामिल बताए गए हैं। पटरा टूटने की घटना के बाद पुल पर मौजूद श्रद्धालुओं में दहशत का माहौल बन गया। सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल दोनों ओर से लोगों की आवाजाही रोककर स्थिति को नियंत्रित किया।

पटरा टूटते ही मची अफरातफरी, सुरक्षा कर्मियों ने संभाला मोर्चा

श्रद्धालुओं के अनुसार पुल का पटरा अचानक क्षतिग्रस्त होकर टूट गया। इसके बाद वहां अफरातफरी मच गई। सुरक्षा कर्मियों ने लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला और पुल पर आवागमन पूरी तरह रोक दिया।

बताया गया कि क्षतिग्रस्त पटरे को बदलने और पुल की स्थिति दुरुस्त करने में करीब तीन घंटे लगे। मरम्मत पूरी होने के बाद हैंगिंग ब्रिज को दोबारा श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए खोल दिया गया।

तीन घंटे बाद फिर शुरू हुआ आवागमन

पटरा बदलने के बाद पुल को सुचारू कर दिया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं की आवाजाही फिर से शुरू हो सकी। घटना के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु धाम पहुंचे हुए थे, जिससे कुछ समय तक वहां भीड़ की स्थिति बनी रही।

हालांकि, वन विभाग के रेंजर जंग बहादुर राम ने घटना की जानकारी होने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि उन्हें पुल का पटरा टूटने या किसी श्रद्धालु के घायल होने की सूचना नहीं मिली है। स्थानीय श्रद्धालुओं ने पुल की नियमित जांच और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर ध्यान देने की जरूरत बताई।