अंधविश्वास में हैवानियत: डायन बता एक महिला की जीभ काट डाली, हालत गंभीर
बिहार के रोहतास में एक वृद्ध महिला की जीभ डायन होने के आरोप में काट दी गई। घटना के बाद अपराधी फरार हो गए। पुलिस उन्हें खोज रही है।
रोहतास [जेएनएन]। अंधविश्वास में आदमी हैवान भी बन जाता है। इसका ताजा उदाहरण रोहतास के रेडिय़ा गांव में रविवार को तब देखने को मिला, जब एक वृद्ध महिला को डायन बता उसकी जीभ काट दी गई। घायल बोलने की हालत में नहीं है। उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
घर में घुसकर काट ली जीभ
बताया जाता है कि रेडिया गांव निवासी दीपी रजवार की 65 वर्षीया पत्नी राजकली देवी घर में सोई हुई थी। रविवार को दो अज्ञात लोग मुंह पर गमछा बांध घर में घुसे और उसपर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर जीभ काट ली। घटना को अंजाम दे अपराधी भाग निकले। कुछ महिलाओं ने घायल वृद्धा को लहूलुहान देख कर शोर मचाया। इसके बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया।
महिला के बयान पर दर्ज होगी प्राथमिकी
परिजनों ने गांव के ही कुछ लोगों द्वारा इस घटना को अंजाम देने की आशंका व्यक्त की है। थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि जख्मी महिला अभी बयान देने की स्थिति में नहीं है। बयान लेने के बाद प्राथमिकी दर्ज की जाएगी । ग्रामीणों से पूछताछ के बाद हमलावरों के बारे में जानकारी ली जा रही है। शीघ्र ही दोनों हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
घायल की स्थिति गंभीर
वहीं सदर अस्पताल में राजकली का इलाज कर रहे चिकित्सकों ने कहा कि धारदार चाकू से उसकी जीभ कटी है। स्थिति अभी गंभीर बनी हुई है।