बेदा बाइपास शुरू होते ही बदल गया ट्रैफिक प्लान, रोहतास में बसों के लिए तय हुए नए रास्ते; समझें नया रूट
बेदा-मोकर बाइपास सड़क के लोकार्पण के साथ ही सासाराम में बसों और भारी वाहनों का परिचालन नए रूट से शुरू ...और पढ़ें

बेदा-मोकर बाइपास के रास्ते चल रहीं बड़ी गाड़ियां। जागरण
HighLights
बेदा-मोकर बाइपास पर बसों और भारी वाहनों का परिचालन शुरू हुआ।
सासाराम शहर को जाम से मुक्ति दिलाने के लिए रूट बदले।
नए यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई होगी।
जागरण संवाददाात, सासाराम (रोहतास)। बेदा-मोकर बाइपास सड़क के लोकार्पण होने के साथ ही उसपर बसों व अन्य बड़ी गाड़ियों का परिचालन भी शुरू हो गया।
जिला प्रशासन ने शहर में बढ़ते जाम से लोगों को राहत दिलाने के लिए बड़ी बसों व अन्य भारी वाहनों के परिचालन रूट में बदलाव कर दिया है।
अब कोचस-बक्सर व बिक्रमगंज पटना के अलावा डेहरी-औरंगाबाद समेत अन्य विभिन्न रूटों की बड़ी बसें व अन्य भारी वाहन शहर के अंदर से गुजरने के बजाय बेदा बस स्टैंड और बापास के रास्ते जाएंगे।
शहर में बड़ी गाड़ियां प्रवेश करे तो ले एक्शन
शहर में प्रवेश करने पर उसपर नियमानुकूल कार्रवाई का निर्देश डीएम दीपक कुमार मिश्र ने जिला परिवहन पदाधिकारी को दिया है।
डीएम ने कहा कि बाइपास का लोकार्पण मुख्यमंत्री द्वारा किए जाने के बाद से ही उसपर वाहनों का परिचालन शुरू हो गया है। बस व अन्य बड़े वाहन मालिकों से निर्धारित नए रूट से ही अपनी गाड़ियां चलाने के लिए कहा गया है ।
इसके बावजूद जिस मालिकों द्वारा नए नियम का उल्लंघन किया जाएगा, उनपर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए जिला परिवहन पदाधिकारी को निर्देशित किया गया है।
अधिकारियों का कहना है कि पहला दिन होने के कारण पोस्ट ऑफिस चौक के पास पटना व बिक्रमगंज की ओर जाने वाली बसों के चालकों द्वारा ठहराव किया गया था, लेकिन उन्हें बस पड़ाव बेदा में भेज दिया गया।
बताया जाता है कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी अधिकारियों को सासाराम में जाम की समस्या से पूरी तरह निजात दिलाने के लिए निर्देशित किया है।
चौक-चौराहों पर तैनात रहेंगे जवान
इसके बाद हर चौक-चौराहों पर फिलहाल ट्रैफिक पुलिस व दंडाधिकारी तैनात रहे। जिला परिवहन पदाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने सभी बस मालिकों को नए रूट के संबंध में निर्देश जारी किया है।
नई व्यवस्था के तहत करगहर, कोचस एवं बक्सर के अलावा पटना-आरा और दिनारा की ओर जाने वाली सभी बड़ी बसें बेदा फ्लाईओवर यानी बाइपास के रास्ते संचालित होगी।
पोस्ट ऑफिस चौराहा, धर्मशाला रोड समेत प्रमुख सड़कों पर यातायात का दबाव कम होने की उम्मीद है। करगहर, कोचस, बक्सर, पटना-आरा और दिनारा जाने वाली बसों को बेदा फ्लाईओवर से होकर जाने का निर्देश दिया गया है।
वहीं डेहरी-औरंगाबाद की बसें एनएच-19 के कुम्हऊ गेट से होकर चलेंगी। नए निर्देश का पूरी तरह अनुपालन करना होगा।
अवहेलना पर प्रशासन द्वारा कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। शहर को जाम से मुक्त कराने के लिए ई रिक्शा चालकों के साथ बैठक कर स्थाई समाधान निकाला जा रहा है।
