लव मैरेज के 6 महीने बाद विवाद, रोहतास में पत्नी ने पुल से नहर में लगाई छलांग; बचाने कूदा पति
डेहरी ऑन सोन में प्रेम विवाह के 6 महीने बाद पत्नी ने पुल से नहर में छलांग लगा दी। उसे ...और पढ़ें

पति-पत्नी के नहर में कूदने के बाद लगी भीड़।
HighLights
प्रेम विवाह के 6 महीने बाद घटना
पत्नी ने पुल से नहर में लगाई छलांग
पति बचाने कूदा, पत्नी लापता
संवाद सहयोगी, डेहरी ऑन सोन (रोहतास)। जक्खी बीघा के पास एनएच-19 की सर्विस लेन स्थित पुल पर शनिवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई।
करीब छह महीने पहले प्रेम विवाह करने वाले पति-पत्नी के बीच विवाद के दौरान पत्नी लक्ष्मी कुमारी (22) ने कथित तौर पर पुल से नहर में छलांग लगा दी।
उसे बचाने के प्रयास में पति करण कुमार (25) ने भी छलांग लगा दी। पति सुरक्षित बाहर निकल आया, लेकिन पत्नी का पता नहीं चला। तलाश की जा रही है। सूचना मिलने पर नगर थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंच घटना की जानकारी ली।
शादी के बाद से ही हो रहा था विवाद
पुलिस के अनुसार लक्ष्मी कुमारी मणिनगर के दीपू पासवान की बेटी थी। लक्ष्मी और करण ने करीब छह महीना पहले प्रेम विवाह किया था।
बताया जाता है कि शादी के बाद से ही दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। पिछले करीब दस दिनों से दोनों अपने घर पर ही रह रहे थे।
करण कुमार के अनुसार, भूत-प्रेत से जुड़ी मान्यताओं को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर कहासुनी होती थी। शनिवार को फिर विवाद हो गया।
इसके बाद लक्ष्मी ने नदी में छलांग लगा दी। लक्ष्मी की मां के अनुसार प्रेम विवाह के बाद से ही दोनों के बीच विवाद होता रहते था।
किस कारण नहर में कूदी, नहीं चला पता
परिवार के बीच चल रहे विवाद को लेकर घटना से पहले क्या परिस्थितियां बनीं, इसकी विस्तृत जानकारी सामने आनी बाकी है।
घटना के संबंध में लड़की और लड़के के माता-पिता की ओर से पुलिस को कोई लिखित शिकायत की गई है या नहीं, इसकी पुष्टि अभी नहीं हो सकी है।
पुलिस की जांच और दोनों परिवारों के विस्तृत बयान के बाद ही घटना के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस जांच में जुटी है।
