विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रोहतास में खिलाड़ियों के लिए बड़ी पहल, करूप में बनेगा स्पोर्ट्स कांप्लेक्स; डालमियानगर मैदान बनेगा आधुनिक स्टेडियम

Published: Wed, 12 Aug 2026 10:56 AM (IST)

रोहतास में खिलाड़ियों के लिए बड़ी पहल की गई है, जिसमें करूप में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाने और डालमियानगर मैदान को आधुनिक स्टेडियम में बदलने का प्रस्ताव है।

रोहतास में खेल सुव‍िधाओं के व‍िस्‍तार की कवायद। सांकेत‍िक तस्‍वीर

रोहतास में खेल सुव‍िधाओं के व‍िस्‍तार की कवायद। सांकेत‍िक तस्‍वीर

HighLights

  1. करूप में नया स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाने का निर्देश

  2. डालमियानगर खेल मैदान आधुनिक स्टेडियम में होगा विकसित

  3. खिलाड़ियों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और सुविधाओं पर जोर

जागरण संवाददाता, सासाराम। रोहतास जिला मुख्यालय में संचालित मुख्यमंत्री एकलव्य राज्य आवासीय खेल प्रशिक्षण केंद्र की जिलाधिकारी ने समीक्षा की।

इस दौरान बास्केटबॉल एवं एथलेटिक्स के प्रशिक्षण, खिलाड़ियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और केंद्र की आधारभूत व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई।

जिलाधिकारी ने शिवसागर के करूप में स्पोर्ट्स कांप्लेक्स निर्माण के लिए प्रस्ताव भेजने का निर्देश जिला खेल पदाधिकारी को दिया।

ख‍िलाड़ि‍यों के स्‍वास्‍थ्‍य और सुरक्षा पर व‍िशेष ध्‍यान

समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने खिलाड़ियों के स्वास्थ्य, सुरक्षा, प्रशिक्षण और खेल परिसर की आधारभूत सुविधाओं से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी ली।

उन्होंने खिलाड़ियों की नियमित मासिक स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करने के साथ हेल्थ कार्ड उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के लिए ब्लीचिंग पाउडर के छिड़काव की व्यवस्था करने को भी कहा गया।

खिलाड़ियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए थाना स्तर से सुबह और शाम नियमित गश्ती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

साथ ही खिलाड़ियों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए परीक्षा के दौरान उनके लिए अलग समय निर्धारित करने पर भी जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि खेल प्रशिक्षण के साथ खिलाड़ियों की शिक्षा भी समान रूप से महत्वपूर्ण है।

मैदान और परिसर की नियमित होगी सफाई

खेल मैदान, नाला और फेंसिंग के आसपास लटके पेड़-पौधों एवं झाड़ियों की नियमित सफाई कराने का निर्देश दिया गया। परिसर में मच्छरों के प्रकोप से बचाव के लिए सप्ताह में दो दिन मच्छर लार्विसाइड का छिड़काव कराने की व्यवस्था की समीक्षा की गई।

खेल मैदान में बंद पड़े मोटर की मरम्मत कराकर पेयजल समेत अन्य आवश्यक कार्यों के लिए पानी की समुचित व्यवस्था करने को कहा गया।

खिलाड़ियों के लिए पर्याप्त शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आरओ और वाटर कूलर की व्यवस्था की भी समीक्षा की गई।

आवासीय परिसर में विद्युत वायरिंग और अन्य विद्युत व्यवस्थाओं को दुरुस्त एवं सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए।

अनधिकृत प्रशिक्षण पर लगेगी रोक

केंद्र परिसर में अनधिकृत रूप से प्रशिक्षण देने वाली संस्थाओं और व्यक्तियों पर रोक लगाने का निर्देश दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि केंद्र में केवल अधिकृत व्यवस्था के तहत ही प्रशिक्षण संचालित किया जाए। इससे खिलाड़ियों को व्यवस्थित और सुरक्षित माहौल में प्रशिक्षण मिल सकेगा।

डेहरी के खेल मैदानों के कायाकल्प की भी पहल

उधर, डेहरी विधानसभा क्षेत्र के खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों के लिए भी राहत की खबर है। क्षेत्र के खेल मैदानों का कायाकल्प करने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में विभागीय प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

स्थानीय विधायक राजीव रंजन सिंह उर्फ सोनू सिंह के प्रस्ताव पर खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

खेल मंत्री ने पत्र भेजकर जानकारी दी है कि विधायक की ओर से भेजे गए सभी प्रस्तावों को आवश्यक कार्रवाई के लिए खेल विभाग को प्रेषित कर दिया गया है।

प्रस्ताव में डेहरी प्रखंड के लक्ष्मण बिगहा, नावाडीह और भुसहुला तथा अकोढ़ीगोला प्रखंड के प्रेमनगर खेल मैदान के सौंदर्यीकरण की मांग शामिल है।

इसके अलावा ऐतिहासिक डालमियानगर खेल मैदान को आधुनिक स्टेडियम के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव भी शामिल है। इसके विकसित होने से स्थानीय खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।