रोहतास में गैस लीक से भीषण हादसा, पिता-बेटी की मौत; मां और एक साल का बेटा गंभीर
रोहतास के नौहट्टा में रसोई गैस लीक होने से घर में आग लग गई, जिसमें पिता-पुत्री की मौत हो गई ...और पढ़ें

घर में लगी आग बुझाने का प्रयास करते ग्रामीण।
HighLights
रसोई गैस लीक से घर में लगी भीषण आग।
पिता-पुत्री की मौत, मां-बेटा गंभीर रूप से घायल।
आक्रोशित ग्रामीणों ने अस्पताल में किया हंगामा।
पंचायत सूत्र, उल्ली बनाही, नौहट्टा (रोहतास)। नौहट्टा थाना क्षेत्र के उल्ली गांव में मंगलवार की देर शाम घर में रसोई गैस लीक होने से भीषण आग लगने से पिता व बेटी की मौत हो गई।
घटना में मां व पुत्र की स्थिति गंभीर है तथा सदर अस्पताल सासाराम में इलाज चल रहा है। मृतकों में लक्ष्मी प्रसाद गुप्ता 35 वर्ष तथा उनकी पुत्री कृति गुप्ता पांच वर्ष शामिल है।
जबकि लक्ष्मी प्रसाद गुप्ता की पत्नी संजू व एक वर्षीय पुत्र का इलाज सदर अस्पताल सासाराम में चल रहा है। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने रेफरल अस्पताल नौहट्टा में पहुंचकर हंगामा व तोड़फोड़ किया।
गैस लीक होने से घर में लगी आग
ग्रामीणों ने बताया कि शीतल साह घर में लगी आग के बाद उनके पुत्र लक्ष्मी प्रसाद गुप्ता, बहू संजू देवी, एक साल का पुत्र व पांच साल की बच्ची गंभीर रूप से झुलस गए।
हादसे के बाद ग्रामीणों ने सूझबूझ से तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को घर से बाहर निकाला और बाइक से ही तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
इसी बीच घटना की सूचना पाकर फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंच गई और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने घर की दीवार तोड़कर गैस का रिसाव बंद किया।
चिकित्सा प्रभारी डाॅ. मुकेश कुमार ने बच्ची कृति को को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से झुलसे लक्ष्मी प्रसाद समेत अन्य घायलों का प्राथमिक उपचार कर बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल सासाराम रेफर कर दिया गया।
सदर अस्पताल लाए जाने के बाद लक्ष्मी प्रसाद गुप्ता की भी मौत हो गई। सदर अस्पताल के प्रभारी अधीक्षक डा. बीके पुष्कर ने बताया कि दोनों जख्मी का इलाज चल रहा है।
अस्पताल में लोगों ने जमकर किया हंगामा
लक्ष्मी प्रसाद गुप्ता की मौत इलाज के लिए लाए जाने के बाद हो गई। वहीं इस घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीण बड़ी संख्या में नौहट्टा रेफरल अस्पताल पहुंच गए और वहां हंगामा कर दिया। तोड़फोड़ भी कर दी।
इस दौरान एक एम्बुलेंस का शीशा भी टूट गया। स्थिति बिगड़ती व ग्रामीणों का आक्रोश देखकर अस्पताल के कर्मी वहां से जान बचाकर हट गए।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, जिसके बाद स्थिति नियंत्रण में आई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें- बिहार के गोपालगंज में बड़ा हादसा, गैस रिसाव के बाद दीये की चिंगारी से भड़की आग; 25 झुलसे
