विश्वकर्मा पूजा की मूर्ति विसर्जन से पहले मातम: हाइवा ने लोगों को कुचला, युवक-बच्चे की मौत; 7 गंभीर घायल
रोहतास में विश्वकर्मा पूजा मूर्ति विसर्जन के लिए जा रहे बच्चों और युवकों को एक अनियंत्रित हाइवा ने कुचल दिया, ...और पढ़ें

सीएचसी तिलौथू में इलाज के लिए लाए गए घायल
HighLights
रोहतास में हाइवा ने मूर्ति विसर्जन जा रहे लोगों को कुचला।
हादसे में एक युवक और एक बच्चे की दर्दनाक मौत हुई।
सात लोग गंभीर रूप से घायल, सदर अस्पताल रेफर किए गए।
संवाद सूत्र, तिलौथू(रोहतास)। डेहरी-बंजारी राष्ट्रीय राजमार्ग पर अमझोर थाना क्षेत्र के रामडिहरा स्टेशन के पास शुक्रवार की रात करीब आठ बजे बड़ा सड़क हादसा हो गया। विश्वकर्मा पूजा के बाद मूर्ति विसर्जन के लिए सोन नदी जा रहे बच्चों और युवकों को एक अनियंत्रित हाइवा ने कुचल दिया। हादसे में एक युवक और एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतकों की पहचान रामडिहरा निवासी प्रमोद चंद्रवंशी के पुत्र अजीत कुमार उर्फ टेंगरा (22) और रविन्द्र शर्मा के पुत्र आशीष शर्मा (13) के रूप में हुई है।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल घायलों को इलाज के लिए स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
मूर्ति विसर्जन के लिए सोन नदी जा रहे थे लोग
ग्रामीणों के अनुसार, विश्वकर्मा पूजा के बाद मूर्ति विसर्जन के लिए रामडिहरा के कई बच्चे और युवक सोन नदी की ओर जा रहे थे।
इसी दौरान उन्हें राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 119 पार करना था। बताया गया कि शंकर जी मंदिर के पास सड़क पार करने के दौरान तेज रफ्तार हाइवा अनियंत्रित हो गया और लोगों को कुचलते हुए आगे निकल गया।
हादसे में सात लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायल रामडिहरा के ही रहने वाले बताए जा रहे हैं। दुर्घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
सात घायल, सभी को सदर अस्पताल किया गया रेफर
घायलों में दीनानाथ शर्मा के पुत्र रोशन कुमार, रामनारायण राम के पुत्र रामजी राम समेत अन्य लोग शामिल हैं। स्थानीय सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने सभी घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें सदर अस्पताल सासाराम रेफर कर दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही अमझोर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। दुर्घटना के बाद इलाके में तनाव और मातम का माहौल है।
हाइवा जब्त, खलासी गिरफ्तार; चालक फरार
अमझोर थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि दुर्घटना में शामिल हाइवा को जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने वाहन के खलासी को गिरफ्तार किया है, जबकि चालक मौके से भागने में सफल रहा।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और वाहन की गति कितनी थी, इसकी भी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद मृतकों के शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।
