विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रोहतास में ई-स्कूटी शोरूम के गोदाम में भीषण आग, 60 स्कूटी और 3 टोटो जलकर राख; बैटरियों में हुए धमाकों से दहला बाजार

Published: Thu, 27 Aug 2026 06:28 PM (IST)

रोहतास के अकोढ़ीगोला में सरस्वती ई-स्कूटी शोरूम के गोदाम में भीषण आग लग गई, जिसमें करीब 60 ई-स्कूटी और 3 ...और पढ़ें

स्कूटी शोरुम में लगी आग के बाद जुटे लोग

स्कूटी शोरुम में लगी आग के बाद जुटे लोग

HighLights

  1. अकोढ़ीगोला में ई-स्कूटी शोरूम गोदाम में भीषण आग।

  2. लगभग 60 ई-स्कूटी, 3 टोटो जलकर राख।

  3. बैटरी विस्फोटों से दहशत, लाखों का नुकसान।

संवाद सूत्र, अकोढ़ीगोला (रोहतास)। रोहतास के अकोढ़ीगोला मुख्य बाजार स्थित चांदी रोड के सरस्वती ई-स्कूटी शोरूम के गोदाम में गुरुवार सुबह अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और आसपास के इलाके में अफरातफरी मच गई।

एक के बाद एक बैटरी ब्लास्ट, दहशत में सड़क पर आए दुकानदार

गोदाम में बड़ी संख्या में ई-स्कूटी की बैटरियां रखी थीं। आग की चपेट में आने के बाद बैटरियों में एक के बाद एक जोरदार विस्फोट होने लगे। धमाकों की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार अपनी दुकानें छोड़कर सड़क पर आ गए।

आग की चपेट में आईं 60 ई-स्कूटी और तीन टोटो

अगलगी में गोदाम में रखी करीब 60 ई-स्कूटी, तीन टोटो, बड़ी संख्या में बैटरियां और अन्य सामान जलकर नष्ट हो गए। घटना में लाखों रुपये की संपत्ति के नुकसान की बात कही जा रही है।

तीन दमकलों ने संभाला मोर्चा, काफी मशक्कत के बाद बुझी आग

शोरूम संचालक की सूचना पर अग्निशमन विभाग की तीन दमकलें मौके पर पहुंचीं। आग की भयावहता और बैटरियों में हो रहे विस्फोट के बीच अग्निशमन कर्मियों ने सावधानी बरतते हुए काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

सुबह करीब 10 बजे सफाई के दौरान लगी आग

जानकारी के अनुसार, शंकरपुर निवासी शोरूम संचालक जितेंद्र कुमार गुरुवार सुबह करीब 10 बजे गोदाम में साफ-सफाई करवा रहे थे। इसी दौरान अचानक आग लग गई और कुछ ही देर में गोदाम से धुआं व तेज लपटें उठने लगीं।

धुएं और आग की लपटों से चारों तरफ छाया अंधेरा

आग तेजी से फैलने के कारण गोदाम के अंदर रखी स्कूटी, टोटो और बैटरियां इसकी चपेट में आती गईं। तेज लपटों और घने धुएं के कारण आसपास का इलाका धुएं से भर गया और लोगों में दहशत फैल गई।

बीडीओ और थानाध्यक्ष भी मौके पर पहुंचे

घटना की सूचना मिलते ही बीडीओ डॉ. रविरंजन और थानाध्यक्ष राकेश गोसाईं अग्निशमन दस्ते के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों की मौजूदगी में आग बुझाने का अभियान चलाया गया।

समय रहते आग पर काबू, आसपास की दुकानें और मकान बचे

बैटरियों में लगातार हो रहे विस्फोट के कारण आग बुझाने में अग्निशमन कर्मियों को विशेष सावधानी बरतनी पड़ी। समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से आसपास की दुकानों और मकानों को इसकी चपेट में आने से बचा लिया गया।

आग लगने के कारणों और नुकसान का हो रहा आकलन

थानाध्यक्ष राकेश गोसाईं ने बताया कि शोरूम संचालक की ओर से अभी तक कोई आवेदन नहीं दिया गया है। आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है और नुकसान का भी आकलन किया जा रहा है।