Rohtas: भूत-प्रेत को लेकर उपजे विवाद में झाड़-फूंक करने वाले की चली गई जान, धारदार हथियार से कर दी गई हत्या
स्थानीय थाना क्षेत्र के बसौरा गांव में गुरुवार रात करीब नौ बजे धारदार हथियार से हमला कर एक युवक की हत्या कर दी गई। मृतक का नाम संजय राम बताया जा रहा है वह सुसाडी गांव का रहने वाला है।
संवाद सूत्र, संझौली, रोहतास। स्थानीय थाना क्षेत्र के बसौरा गांव में गुरुवार रात करीब नौ बजे धारदार हथियार से हमला कर एक युवक की हत्या कर दी गई। मृतक का नाम संजय राम बताया जा रहा है, वह सुसाडी गांव का रहने वाला है। जानकारी के मुताबिक, भूत-प्रेत को लेकर उपजे विवाद में संजय राम को अपनी जान गंवानी पड़ी।
थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि संजय गांव में झाड़-फूंक और भूत-प्रेत बैठाने का काम करता था। आज अपने चाचा के यहां भूत-प्रेत बैठाने के लिए गया था। इसी दौरान उनसे विवाद हो गया। बात इस कदर बढ़ी कि धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई।
हत्या किसने की इस बात का पता अभी नहीं चल पाया है। थानाध्यक्ष ने कहा कि उन्होंने घटनास्थल का मुआयना किया है। इस मामले में पुलिस जांच कर रही है। शव को पुलिस कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार कर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम ले जा रही है।
मृतक की पत्नी धर्मशीला देवी ने बताया कि दूसरे गांव में रहने वाले उनके परिवार के लोगों ने ही संजय को झाड़-फूंक के लिए बुलाया था। संजय जब वहां पहुंचा तो किसी बात को लेकर विवाद पैदा हो गया और इसी विवाद में उसकी हत्या कर दी गई।
ग्रामीणों से मिली जानकारी मुताबिक, संजय राम और उसके चाचा के बीच लंबे समय से भूत-प्रेत को लेकर कोई विवाद चल रहा था। हत्या कैसे और क्यों हुई पुलिस फिलहाल अभी जांच कर रही हैं। पुलिस का कहना हैं कि उसके शरीर पर धारदार हथियार से वार किया गया है। संजय के शरीर के कई हिस्सों में चोट के निशान भी पाए गए हैं। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।