विवाहिता की हत्या के मामले में पति को पुलिस ने किया गिरफ्तार, बारह घंटे के अंदर आरोपित गिरफ्तार
बालरती बिगहा गांव में हुई विवाहिता महिला के हत्या के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को बुधवार शाम को गिरफ्तार किया है। एसपी आशीष भारती के अनुसार इस मामले में पुलिस ने बारह घंटे के अंदर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
संवाद सहयोगी, डेहरी-ऑन-सोन (रोहतास): डेहरी मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बालरती बिगहा गांव में हुई विवाहिता महिला के हत्या के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को बुधवार शाम को गिरफ्तार किया है। एसपी आशीष भारती के अनुसार इस मामले में पुलिस ने बारह घंटे के अंदर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
उन्होंने बताया कि मृतका के पिता के बयान के आधार पर एक विशेष टीम का गठन किया गया था। इस मामले में आरोपी पति विनोद कुमार को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि आरोपी ने इस घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस टीम अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
दहेज को लेकर हुई थी मारपीट और हत्या को दिया गया अंजाम
डेहरी मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बालरती बिगहा गांव में नवरात्री में महिला की दहेज को लेकर मारपीट कर गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। जिसके बाद महिला के पिता इन्द्रपुरी थाना क्षेत्र के पितांबरपुर निवासी राम प्रवेश राम ने मृतक के पति बिनोद कुमार तथा ससुर सुरेंद्र राम पर नामजद प्राथमिकी कराई थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद डेहरी मुफस्सिल थानाध्यक्ष अजय कुमार ने पुलिस बल के साथ गांव पहुंच कर शव को अपने कब्जे में लेकर छानबीन शुरू किया।
दहेज में मांगता था पैसे
जिसके बाद पति और ससुर की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी थी। मृतका के पिता राम प्रवेश राम का आरोप है कि हीना कुमारी (21) का पति बिनोद कुमार बराबर फोन कर परिवार से दहेज में पैसे मांगा करता था। नहीं देने पर हर समय उनके बेटी के साथ मारपीट कर घर से निकालने की धमकी भी देता था।
आसपास के लोगों में भी नाराज़गी
इस घटना क्रम से आसपास के लोगों में भी काफ़ी नाराज़गी है। वह लोग पति और ससुर को भला बुरा कहते सुने गए। उनका कहना है कि किसी भी बेटी बहू को सिर्फ़ पैसे के लिए अपने घर में लाकर प्रताड़ित करना और इस प्रकार के घटना को अंजाम देना सरासर ग़लत है। उन्हें सजा मिलनी ही चाहिए।