केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय बने ट्रैक्टर चालक, शिक्षा मंत्री को बगल में बैठाकर 5 KM तक चलाई गाड़ी
केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने पीएम मोदी की जन्मतिथि पर 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत रोहतास में ट्रैक्टर रैली का ...और पढ़ें
HighLights
केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने रोहतास में ट्रैक्टर रैली का नेतृत्व किया।
पीएम मोदी की जन्मतिथि पर 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत रैली।
किसानों को सशक्त बनाने हेतु सरकारी योजनाओं पर चर्चा की।
संवाद सूत्र, दिनारा (रोहतास)। PM नरेन्द्र मोदी की जन्मतिथि पर चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत शुक्रवार को भाजपा किसान मोर्चा के तत्वावधान में अन्नदाता सेवा संकल्प यात्रा सह किसान संवाद के तहत ट्रैक्टर रैली निकली।
केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी को साथ बैठाकर खुद ट्रैक्टर की स्टीयरिंग संभाली और करीब पांच किलोमीटर तक ड्राइविंग सीट पर बैठ कर ट्रैक्टर चलाई।
ट्रैक्टर रैली रोहतास जिला के भलूनी भवानी स्थान से कैमूर जिला के मां मुंडेश्वरी धाम तक निकाली गई। यह करीब 76 किलोमीटर की लंबी यात्रा रही।
276 ट्रैक्टरों के साथ निकाली गई रैली
इसमें 276 ट्रैक्टर शामिल थे। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री ने कहा कि किसान बिना थके लगातार परिश्रम करते हैं। अपनी मेहनत से वे न केवल अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं बल्कि पूरे देश का पेट भरते हैं।
स्वयं वे एक किसान के बेटे हैं और खेतों में हल चला चुके हैं। प्रकृति की कठिन परिस्थितियों में भी किसान कभी अपने कर्तव्य से पीछे नहीं हटता।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड और आधुनिक कृषि यंत्रों के माध्यम से केंद्र सरकार किसानों को सशक्त बना रही है।
महागठबंधन करता है किसानों की उपेक्षा-नित्यानंद
कहा कि सशक्त किसान ही देश को विकसित बनाएंगे। इस दौरान उन्होंने विपक्षी महागठबंधन पर किसानों की समस्याओं की उपेक्षा करने का आरोप भी लगाया।
बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि दशकों तक सत्ता में रहने के बाद भी गरीबों तक बुनियादी सुविधाएं विपक्षी पार्टियां नहीं पहुंचाई गईं।
वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बैंक खाते, बिजली, सड़क और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं से हर वर्ग को राहत मिली है।
भलूनीधाम मंदिर में नेताओं ने की पूजा-अर्चना
इससे पूर्व अतिथियों को अंगवस्त्र, मां भलूनी भवानी व मां मुंडेश्वरी का स्मृति चिह्न, दिनारा का प्रसिद्ध चावल, हल और मखाने की माला पहनाकर कार्यक्रम के संयोजक अखिलेश कुमार और अन्य द्वारा सम्मानित किया गया।
नेताओं ने भलूनीधाम मंदिर में पूजा-अर्चना भी की। कार्यक्रम की अध्यक्षता किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राम सुमरन सिंह तथा संचालन दिलीप कुमार ने किया।
मौके पर पूर्व विधायक राजेश्वर राज, कार्यक्रम संयोजक अखिलेश कुमार, जिला प्रभारी हिमांशु चतुर्वेदी, जिलाध्यक्ष संतोष पटेल, युवा जिलाध्यक्ष रितेश राज, रविकांत पांडेय, उत्तम सिंह, सोनू सिंह, जितेंद्र ओझा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व स्थानीय किसान उपस्थित थे।
