विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 30, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Bihar Accident : बिहार में भीषण सड़क हादसा, ट्रक से टकराई स्कॉर्पियो; सात लोगों की मौत और पांच घायल

By Jagran NewsEdited By: Mukul Kumar
Published: Wed, 30 Aug 2023 08:09 AM (IST)

सासाराम से दुर्घटना की बड़ी खबर सामने आई है। एनएच दो पर बुधवार की सुबह एक कंटेनर और स्कॉर्पियो के ...और पढ़ें

घटनास्थल पर पहुंचे लोग और पुलिसकर्मी। फोटो- जागरण
घटनास्थल पर पहुंचे लोग और पुलिसकर्मी। फोटो- जागरण

HighLights

  1. स्कॉर्पियो चालक के नींद आने से घटी घटना
  2. मृतकों में तीन बच्चे और दो महिलाएं भी शामिल

संवाद सूत्र, शिवसागर (रोहतास):  सासाराम के शिवसागर में स्थानीय थाना क्षेत्र के पखनारी पेट्रोल पंप के पास एनएच दो पर बुधवार की सुबह एक कंटेनर में स्कॉर्पियो की टक्कर होने से सात लोगों की मौत हो गई। मृतकों में पति, पत्नी, दो बच्चे और भतीजी शामिल हैं। जबकि पांच लोग बुरी तरह से घायल हो गए हैं।

बताया जाता है कि कैमूर जिला के सबार थाना के कुडियारी निवासी सुदेश्वर शर्मा स्कॉर्पियो खरीदने के बाद अपने बेटा, बेटी, दामाद और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ सोमवार को झारखंड के रामगढ़ जिला के रजरप्पा स्थित मां छिन्मस्तिका देवी का दर्शन कर बोधगया होते हुए बुधवार की सुबह अपने गांव लौट रहे थे।

इस दौरान स्कॉर्पियो चालक को नींद आ गई। जिसके बाद उसने आगे जा रही एक कंटेनर में टक्कर मार दी। इससे सात लोगों की मौत हो गई और पांच जख्मी हैं।

मृतकों में यह लोग शामिल

मृतकों में 55 वर्षीय राजमती देवी, उनके 65 वर्षीय पति सुधेश्वर शर्मा, उनके दामाद व कैमूर जिला के मोहनिया थाना क्षेत्र के बम्हौर गांव निवासी अरविन्द शर्मा 40 वर्ष, पिता सरयू प्रसाद शर्मा, अरविंद शर्मा की पत्नी सोनी कुमारी 35 वर्ष, पुत्र आदित्य कुमार आठ वर्ष व पुत्री रिया कुमारी नौ वर्ष, भतीजी तारा कुमारी 22 वर्ष व चांदनी कुमारी15 वर्ष पिता अरुण कुमार शामिल हैं।

वहीं घायलों में सिदेश्वर शर्मा, रविनंदन प्रियदर्शी 30 वर्ष, रितु शर्मा 14 वर्ष, दिव्या कुमारी 26 वर्ष व उपेंद्र शर्मा 32 वर्ष शामिल हैं। सभी घायलों को सदर अस्पताल सासाराम में प्रारंभिक इलाज के बाद वाराणसी के बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में रेफर कर दिया गया है। इसमें  तीन की स्थिति गंभीर बताई जाती है। 

स्कॉर्पियो के उड़े परखच्चे

घटना में स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए। घटनास्थल पर स्थानीय थाने की पुलिस दो घंटे बाद पहुंचीं। जबकी डायल 112 और टोल प्लाजा के पेट्रोलिंग गाड़ी घटना स्थल पर 30 मिनट में पहुंच गई। पेट्रोल पंप के कर्मियो ने बताया कि थाने कासरकारी नंबर बंद था, जिसके बाद डायल 112 और टोल प्लाजा के पेट्रोलिंग गाड़ी को सूचना दी गई।

टोल प्लाजा के हाईड्रा गाड़ी से स्कॉर्पियो को कंटेनर से बाहर खींच कर निकाला गया। पुलिस ने शवों का पोस्टमॉर्टम करा स्वजनों को सौंप दिया है।

स्कॉर्पियो खरीदने के बाद पूजा करने गए थे रजरप्पा

सिद्धेश्वर शर्मा ने स्कॉर्पियो गाड़ी तीन दिन पहले ही खरीदी थी। जिसकी पूजा करने अपने स्वजनों के साथ रजरप्पा स्थित छिन्नमस्तिका देवी गए थे। वहां से पूजा कर मंगलवार को गया और बोधगया में दर्शन के लिए रुक गए।

इसके बाद वे बुधवार की सुबह बोधगया से गांव के लिए निकले थे। पुलिस का मानना है कि लगभग चार बजे सुबह में चालक को नींद आने के कारण स्कॉर्पियो आगे चल रही एक कंटेनर में जा टकराई। घटना के संबंध में जख्मी अभी कोई बयान देने में असमर्थ हैं।

एक स्कार्पियो में 12 थे सवार 

सात सीट की क्षमता वाली स्कार्पियो में 12 लोग सवार थे। वाहन खरीदने की खुशी में नजदीकी लोगों को रजरप्पा और बोधगया दर्शन पूजन के लिए निमंत्रित किया गया था। स्कार्पियो में सिद्धेशर शर्मा, उनकी पत्नी, पुत्र, पुत्रवधु, बेटी, दामाद और उनके दो बच्चे, दो भतीजी और पुत्रवधु के भाई शामिल थे।

सदर अस्पताल में उमड़ी रही भीड़ 

घटना की जानकारी मिलने के बाद रिश्तेदारों और शुभचिंतकों की भीड़ सदर अस्पताल में लगी रही। स्वजनों के रोने चीखने से सबका कलेजा दहल जा रहा था। शिवसागर थानाध्यक्ष राकेश गोसाई ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो और कंटेनर पुलिस ने जब्त कर लिया है।