महिलाओं की जागरुकता से भागेगा कुपोषण
स्थानीय बाल विकास परियोजना कार्यालय परिसर में सोमवार को पोषण मेला का आयोजन किया गया।
रोहतास। स्थानीय बाल विकास परियोजना कार्यालय परिसर में सोमवार को पोषण मेला का आयोजन किया गया। उद्घाटन बीडीओ बैजू मिश्रा ने दीप प्रज्वलित कर किया। कहा कि ये अच्छी बात है कि मेले के जरिये पोषण के बारे में बताया जा रहा है। बच्चों व गर्भवती महिलाओं के जीवन में पोषण का ख्याल रखना जरूरी है। ताकि कोई गंभीर बीमारी का सामना न करना पड़े।
सीडीपीओ सीमा मिश्रा ने कहा कि देखरेख के अभाव में गांव में बच्चे कुपोषित हो जाते है। साथ ही महिलाएं जब मां बनती हैं,उस काल में माता के खान-पान का विशेष ख्याल रखना चाहिए। क्योंकि मां के भोजन व रहन-सहन का प्रभाव शिशु पर पड़ता है। खास कर आंगनबाड़ी केंद्र व बच्चों के घर में भोजन स्थल की सफाई आवश्यक है। गंदगी के कारण कई बीमारियों का प्रभाव होता है। वह भी कुपोषण का कारण बनता है। सभी आंगनबाड़ी सेविका को केंद्र पर दिए जाने वाले पोषाहार के रख रखाव व शुद्धता की जानकारी दी गई।सभी दिनों को मीनू के अनुरूप भोजन देने की भी जानकारी दी गई। सभी दिनों के अनुरूप पोषाहार का अलग अलग स्टाल लगाकर भोजन सामग्री की जानकारी दी गई। वहीं चिकित्सक मुकेश कुमार एवं चिकित्सा प्रभारी अशोक कुमार ने कुपोषण से होने वाली बीमारी तथा उससे बचाव के तरीकों पर प्रकाश डाला। साथ ही सभी सेविका को अपने अपने केंद्र पर पोषण पर ध्यान देने का भी निर्देश दिया गया। पोषण मेला में जीविका के धर्मेन्द्र कुमार ने लोगो के बीच आवश्यक जानकारी दी। मौके पर बीसीएम राजेश कुमार राम, सांख्यिकी पदाधिकारी बिनोद प्रसाद, राजेन्द्र प्रसाद, दीपक चौबे, नाजिर योगेंद्र पांडेय, सेविका फूलमती देवी, इंदु देवी, रंजू देवी, बेबी देवी, रूपा देवी, सुनिता देवी, ¨बदु देवी सहित सभी सेविका व एएनएम मौजूद थीं।