कपल्स और फैमिली के लिए नया टूरिस्ट स्पॉट, बिहार के इस डैम में हाउसबोट पर कर सकेंगे सेलिब्रेशन
रोहतास-कैमूर सीमा पर स्थित दुर्गावती डैम में पर्यटकों के लिए हाउसबोट सेवा शुरू हो गई है। यह सुविधा सैलानियों को ...और पढ़ें

दुर्गावती डैम में लगा हाउसबोट। जागरण
HighLights
दुर्गावती डैम में हाउसबोट सेवा का शुभारंभ।
पर्यटकों को प्रकृति के करीब रहने का अनूठा अनुभव।
हाउसबोट में एसी, बाथरूम और खानपान की सुविधा।
जागरण संवाददाता, सासाराम (रोहतास)। रोहतास-कैमूर सीमा पर स्थित प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर दुर्गावती डैम (करमचट डैम) आने वाले दिनों में पर्यटकों के लिए और आकर्षण का केंद्र बनने जा रहा है।
जलाशय में अब सैलानी हाउसबोट की सवारी का भी आनंद उठा सकेंगे। लंबे समय से चल रहे ट्रायल और टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद दो हाउसबोट सेवा पर्यटकों के लिए शुरू कर दी गई है।
हरे-भरे पहाड़ों, शांत जलराशि और प्राकृतिक वातावरण के बीच हाउसबोट की सवारी पर्यटकों को प्रकृति के करीब रहने का अनूठा अनुभव देगी।
हाउसबोट में एसी कमरा, बाथरूम और खानपान की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। एक हाउसबोट में एक साथ पांच लोग सवार हो सकेंगे। परिवार या दोस्तों के साथ घूमने के अलावा पर्यटक यहां जन्मदिन समेत अन्य छोटे आयोजन भी कर सकेंगे।
एक घंटे की सवारी का शुल्क करीब पांच हजार रुपये
दिन में चार लोगों और एक बच्चे के लिए एक घंटे की हाउसबोट राइड का शुल्क करीब पांच हजार रुपये निर्धारित किया गया है।
इसके अलावा पर्यटक रात में भी हाउसबोट में सफर करने के साथ रात्रि विश्राम कर सकेंगे। रात में ठहरने के लिए अलग शुल्क निर्धारित किया गया है।
हाउसबोट सेवा शुरू होने से दुर्गावती डैम में पर्यटन की संभावनाओं को और विस्तार मिलने की उम्मीद है। अब तक यहां आने वाले पर्यटक जलाशय, पहाड़ और आसपास के प्राकृतिक स्थलों का भ्रमण करते थे। हाउसबोट शुरू होने के बाद उन्हें जलाशय के बीच से प्राकृतिक नजारों का आनंद लेने का नया विकल्प मिलेगा।
करीब एक साल से चल रहा था ट्रायल
दुर्गावती डैम में लगभग एक वर्ष पूर्व राज्य के तत्कालीन वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री डा. सुनील कुमार ने बोटिंग सेवा की शुरुआत की थी।
इसके बाद हाउसबोट सेवा शुरू करने की दिशा में ट्रायल किया जा रहा था। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब इसे आम पर्यटकों के लिए उपलब्ध करा दिया गया है।
वन विभाग का मानना है कि हाउसबोट सेवा शुरू होने से दुर्गावती डैम में पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी और स्थानीय स्तर पर पर्यटन से जुड़े रोजगार के अवसर भी विकसित होंगे।
क्या कहते हैं डीएफओ
स्टालिन फीडल कुमार के, डीएफओ, रोहतास ने बताया कि दुर्गावती डैम में हाउसबोट सेवा शुरू करा दी गई है। इससे यहां आने वाले पर्यटकों को जलाशय के बीच प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने का एक नया और आकर्षक विकल्प मिला है। हरे-भरे पहाड़ों और शांत जलराशि के बीच हाउसबोट की सवारी पर्यटकों के लिए यादगार अनुभव साबित होगी।
