कार्यालय से गायब मिले दर्जनों कर्मी, वेतन कटा
रोहतास। डीएम पंकज दीक्षित ने गुरुवार को समाहरणालय के विभिन्न दफ्तरों का औचक निरीक्षण कि
रोहतास। डीएम पंकज दीक्षित ने गुरुवार को समाहरणालय के विभिन्न दफ्तरों का औचक निरीक्षण किया। समय पर अपने कार्यालय पहुंचे डीएम ने सन्नाटा देख हतप्रभ रह गए व एक-एक कर दफ्तरों का भ्रमण करने लगे। इस दौरान उन्होंने उपस्थिति पंजी का भी निरीक्षण किया व गायब पाए गए कर्मियों का एक दिन का वेतन काटते हुए उनसे स्पष्टीकरण की भी मांग की। डीएम के इस निरीक्षण से कर्मियों में हड़कंप मच गई।
डीएम ने बताया कि रूटीन वर्क के तहत समाहरणालय के विभिन्न दफ्तरों का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान कई कर्मी गायब पाए गए। जिनका एक दिन का वेतन काटते हुए समय पर कार्यालय नहीं पहुंचने पर स्पष्टीकरण पूछा गया। जवाब संतोषजनक नहीं होने पर अन्य कार्रवाई की जाएगी। गायब कर्मियों की सूची तलब करने का निर्देश स्थापना के प्रभारी पदाधिकारी को दिया गया है। कहा कि कई विभागों के दफ्तर भी अस्त व्यस्त दिखे, तो कई में गंदगी भी पाई गई। जिसे भी गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग के अधिकारी व कर्मियों पर कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया है।