पहले 5.20 करोड़ की चोरी, अब दिनदहाड़े 3 करोड़ की लूट; रोहतास में कोचस की आभूषण दुकान में फिर वारदात
रोहतास के कोचस बाजार में न्यू कंचन ज्वेलर्स में दिनदहाड़े 3 करोड़ के गहनों की लूट हुई। हेलमेट पहने चार ...और पढ़ें

लूट के बाद ज्वेलरी शॉप में जांच करते एसपी मिस्टर राज।
HighLights
कोचस बाजार में न्यू कंचन ज्वेलर्स में लूट।
दिनदहाड़े 3 करोड़ के गहनों की वारदात।
हेलमेट पहने चार बदमाशों ने दिया अंजाम।
संवाद सूत्र, कोचस (रोहतास)। कोचस में अपराधियों ने दिनदहाड़े लूट की बड़ी वारदात को अंजाम देकर पुलिस के सामने गंभीर चुनौती खड़ी कर दी है।
कोचस थाना से महज 500 मीटर की दूरी पर महात्मा गांधी चौक के समीप सासाराम चौसा पथ स्थित कंचन ज्वेलर्स को मंगलवार दोपहर अपराधियों ने निशाना बनाया।
अपाचे बाइक से पहुंचे चार नकाबपोश हथियारबंद अपराधियों ने दुकानदार और स्टाफ को बंधक बनाकर लगभग 3 करोड़ रुपये के आभूषण लूट लिए।
वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी अपने साथ ले गए। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची। एसपी मिस्टर राज ने भी पहुंचकर छानबीन की।
दोपहर दो बजे दुकान में घुसे लुटेरे
पीड़ित दुकानदार अविनाश कुमार वर्मा के मुताबिक, दोपहर करीब दो बजे चार नकाबपोश अपराधी दुकान में दाखिल हुए। हथियार के बल पर उन्हें बंधक बना लिया गया।
इसके बाद अपराधियों ने दुकान में रखे कीमती जेवरात समेटे और मौके से निकल भागे। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। व्यस्त बाजार के पास हुई लूट ने स्थानीय कारोबारियों की चिंता बढ़ा दी है।
एसपी पहुंचे घटनास्थल, सीमावर्ती थानों को अलर्ट
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई। रोहतास एसपी मिस्टर राज खुद घटनास्थल पर पहुंचे। सदर एसडीपीओ-2 संजीव कुमार और कोचस थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने भी मौके पर पहुंचकर दुकानदार से पूछताछ की।
पुलिस दुकान के बाहर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके। वारदात के बाद सीमावर्ती थानों को अलर्ट किया गया है।
5.20 करोड़ की चोरी के बाद फिर उसी दुकान को बनाया निशाना
कंचन ज्वेलर्स पर यह पहली बड़ी वारदात नहीं है। इससे पहले 25 अगस्त 2025 की रात अज्ञात चोरों ने दुकान का शटर काटकर करीब 5.20 करोड़ रुपये के आभूषण चोरी कर लिए थे।
जिसमें तीन अपराधी भी पकड़े गये थे। अब एक बार फिर इसी दुकान में बड़ी वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि पहले करोड़ों की चोरी और अब दिनदहाड़े हथियारबंद लूट के बाद अपराधियों पर शिकंजा कब कसेगा?
फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। लूटे गए आभूषणों की वास्तविक कीमत और अपराधियों की पहचान को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
