भविष्य की राजनीति के लिए आत्ममंथन करे कांग्रेस : पी.मुरलीधर
कांग्रेस इस देश में भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ विपक्ष की राजनीति करने व उसका नेता।
रोहतास। कांग्रेस इस देश में भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ विपक्ष की राजनीति करने व उसका नेतृत्व करने का समस्त अधिकार खो चुकी है। साथ ही उसे समीक्षा करनी चाहिए कि विपक्ष की जो राजनीति वे कर रहे हैं, उसे जनता क्यों नहीं पसंद कर रही है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रशिक्षण वर्ग में सासाराम पहुंचे पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव पी. मुरलीधर राव ने शुक्रवार को उक्त बातें कही। कहा कि कांग्रेस को भविष्य के राजनीतिक दिशा के बारे में रचनात्मक दृष्टि से समीक्षा करनी चाहिए। महासचिव ने कहा कि कांग्रेस को भविष्य की भूमिका बनाने के लिए पारिवारवाद से बाहर निकलकर सकारात्मक पहल करनी चाहिए। नहीं तो वह दिन दूर नहीं है, जब एक राष्ट्रीय पार्टी के रूप में पहचान बनाने वाली पार्टी सिमटकर अपना परंपरागत क्षेत्र भी नहीं बचा पाएगी। उन्होंने कहा कि देश तो दूर, अब अमेठी भी खतरे में है। कांग्रेस को अब भ्रम की स्थिति से निकलकर आत्ममंथन करने की जरूरत है। जो स्थिति बन रही है, उस स्थिति में कांग्रेस के साथ कोई पार्टी जाने से पहले सौ बार सोचेगी।
गुजरात चुनाव को ले विभिन्न टीवी चैनलों द्वारा दिखाए जा रहे एग्जिट पोल सर्वे को ले कहा कि 18 दिसंबर का इंतजार कीजिए, पोल ब्लास्ट कर जाएगा। जो दिखाया जा रहा है, उससे ज्यादा सीटें मिलेंगी। गुजरात चुनाव का परिणाम कई पार्टियों का भविष्य तय करेगा।
इससे पूर्व स्थानीय पोस्ट ऑफिस चौक पर स्वदेशी जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने पी. मुरलीधर राव के स्वागत में उन्हें फूलमाला से लाद दिया। इस दौरान स्वदेशी को ले नारे भी लगाए भी लगाए गए। श्रीराव ने कार्यकर्ताओं के साथ अपने स्वदेशी से जुड़े अनुभवों को साझा भी किया। मौके पर प्रांतीय सहसंयोजक मुकुल रंजन, विभाग संयोजक लालबहादुर दूबे, प्रचार प्रमुख राजेश्वर प्रसाद, देवराज कुमार, सुशील कुमार श्रीवास्तव, गुप्तेश्वर चंद्रवंशी समेत अन्य उपस्थित थे।