सामाजिक संपन्नता के लिए समरसता का होना आवश्यक
प्रखंड के योगयां गांव में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के तत्वावधान में मकर संक्रांति की पूर्व संध्या पर बुधवार को समरसता दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आरंभ भारत माता संघ के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार द्वितीय सरसंघचालक माधव राव सदाशिव राव गोलवलकर के तैल चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया।
संवाद सहयोगी, बिक्रमगंज: प्रखंड के योगयां गांव में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के तत्वावधान में मकर संक्रांति की पूर्व संध्या पर बुधवार को समरसता दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आरंभ भारत माता, संघ के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार, द्वितीय सरसंघचालक माधव राव सदाशिव राव गोलवलकर के तैल चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया।
जिला बौद्धिक प्रमुख संजय ने कहा कि सामाजिक संपन्नता के लिए समानता नहीं समरसता की आवश्यकता है। प्राणियों में समानता लाने की बात करने वाले मिथ्या पर विश्वास रखते हैं, जबकि समानता सिर्फ और सिर्फ निर्जीव वस्तुओं के लिए निर्धारित किए जा सकते हैं। विभिन्नता प्राणियों का प्रकृत प्रदत गुण है और समरसता मानवतावादी सद्गुण। इसके साथ ही सनातन पद्धति तथा समसामयिक बिदुओं पर चर्चा करते हुए गौरवशाली इतिहास को स्मरण कर वर्तमान की विषमताओं को दूर करने के लिए लोगों को उन्होंने प्रेरित किया। जिला प्रचारक वैभव ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए समाज के अंदर पनप रही विकृतियों को दूर करने के लिए सामूहिक आयोजनों पर बल दिया। नगर कार्यवाह संतोष, शिक्षक रामनरेश पांडेय ने समाज में समरसता की गंगोत्री प्रवाहित हो, इसके पक्ष में कार्य करने के लिए स्वयंसेवकों को संकल्पित कराया। संचालन जिला छात्र महाविद्यालय प्रमुख रवि कांत एवं अतिथियों का परिचय नगर शारीरिक प्रमुख अंकित ने कराया। इस अवसर पर सह भोज का आयोजन किया गया। जिसमें विभिन्न घरों से इकट्ठे किए गए दही चुरा का स्वयंसेवकों ने लुफ्त उठाया। मौके पर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य प्रो बलिराम मिश्र, जिला प्रचार प्रमुख अविनाश , विजय पांडेय , राजू पांडेय , गोविद पांडेय , सत्येंद्र बजरंगी, देवेंद्र नाथ पांडेय , गौतम तिवारी , आशुतोष पांडेय थे।