विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सासाराम में पुलिस बैरक की छत पर BSAP जवान की मौत, अपने ही सरकारी हथियार से चली गोली

Published: Fri, 24 Jul 2026 05:43 PM (IST)

सासाराम के करवंदिया थाना परिसर में BSAP-1 के जवान किशोर राणा की गोली लगने से मौत हो गई। पुलिस मामले ...और पढ़ें

बैरक की छत पर मिला जवान

बैरक की छत पर मिला जवान

HighLights

  1. करवंदिया थाना परिसर में BSAP जवान की मौत हुई।

  2. जवान किशोर राणा की गोली लगने से हुई मृत्यु।

  3. पुलिस और FSL टीम घटना की जांच में जुटी।

जागरण संवाददाता, सासाराम, (रोहतास)। करवंदिया थाना परिसर में शुक्रवार को पुलिस बैरक की छत पर BSAP-1 के एक जवान की गोली लगने से मौत हो गई। घटना के बाद थाना परिसर में अफरातफरी मच गई। मृतक जवान की पहचान किशोर राणा के रूप में हुई है। वह कुछ दिनों से करवंदिया थाना में पदस्थापित था।

बैरक की छत पर मिला जवान, मौके पर ही मौत

प्राप्त जानकारी के अनुसार जवान बैरक की छत पर गया था, जहां गोली चलने की आवाज के बाद पुलिसकर्मी वहां पहुंचे।

जवान को गोली लगी हुई थी और उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना तत्काल वरीय अधिकारियों को दी गई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल लाया गया।

रांची के डोरंडा में रहता है परिवार

मृतक जवान के परिवार के रांची के डोरंडा में रहने की जानकारी सामने आई है। घटना की सूचना उसके पिता युवराज राणा को दे दी गई है।

बताया जाता है कि जवान मूल रूप से नेपाल का रहने वाला था और उसके परिवार को घटना की जानकारी मिलने के बाद घर में मातम का माहौल है।

पोस्टमार्टम में गोली लगने से मौत की पुष्टि

सदर अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम करने वाले चिकित्सक डॉ. संजय कुमार ने बताया कि जवान की मौत गोली लगने से हुई है।

घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि जवान ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया।

FSL टीम ने मौके से जुटाए साक्ष्य

रोहतास के एसपी रौशन कुमार ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि FSL की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की और कारबाइन समेत अन्य साक्ष्य जब्त किए हैं। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों की जांच की जा रही है।

आखिर क्यों उठाया इतना बड़ा कदम, हर पहलू की होगी जांच

एसपी रौशन कुमार ने कहा कि जवान ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसकी हर पहलू से जांच की जाएगी।

पुलिस घटना से जुड़े सभी तथ्यों को खंगाल रही है। जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।