SIR के दौरान काटे गए नामों को फिर जोड़ने का अभियान, बिहार में घर-घर पहुंचेंगे BLO
रोहतास में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान मतदाता सूची से हटाए गए योग्य मतदाताओं के नाम पुनः जोड़ने के लिए एक महीने का विशेष अभियान चलाया जाएगा।

सांकेतिक तस्वीर
HighLights
हटाए गए योग्य मतदाताओं के नाम पुनः जुड़ेंगे।
बीएलओ घर-घर जाकर भौतिक सत्यापन करेंगे।
एक महीने का विशेष अभियान चलाया जाएगा।
संवाद सहयोगी, डेहरी आन सोन, रोहतास। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) के दौरान मतदाता सूची से हटाए गए योग्य मतदाताओं के नाम पुनः जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।
इसके तहत बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर संबंधित मतदाताओं का भौतिक सत्यापन करेंगे। इसको लेकर निर्वाचन पदाधिकारी सह डेहरी अनुमंडल पदाधिकारी निलेश कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में डेहरी प्रखंड, डेहरी नगर परिषद एवं अकोढ़ीगोला प्रखंड क्षेत्र के सभी बीएलओ शामिल हुए। बैठक के दौरान एसडीएम ने निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए अधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान जिन योग्य मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हट गए थे और जो वर्तमान में संबंधित क्षेत्र में उपलब्ध हैं या वापस लौट आए हैं, उनका घर-घर जाकर सत्यापन सुनिश्चित किया जाए।
प्रशासन की ओर से इस कार्य के लिए एक महीने का विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है। अभियान के तहत बीएलओ निर्धारित समय-सीमा के भीतर घर-घर पहुंचकर सर्वे और सत्यापन का कार्य पूरा करेंगे।
सत्यापन के बाद पात्र मतदाताओं के नाम नियमानुसार, मतदाता सूची में शामिल करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी योग्य नागरिक मताधिकार से वंचित न रहे।
इसके लिए निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्धारित समय में कार्य पूरा करने का निर्देश दिया गया है।
बैठक में अवर निर्वाचन पदाधिकारी संतोष कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी अजीत कुमार सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
