रोहतास में पलटी स्कॉर्पियो, तिलक से लौट रहे पिता की मौत; पुत्र समेत 2 घायल
रोहतास के करगहर थाना क्षेत्र के समहुता गांव के पास शनिवार रात एक स्कॉर्पियो पलटने से भोजपुर निवासी 65 वर्षीय ...और पढ़ें
-1771153032089_m.webp)
सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत। (फाइल फोटो)
HighLights
समहुता गांव के पास स्कॉर्पियो पलटी, एक की मौत।
भोजपुर निवासी कामेश्वर राय की घटनास्थल पर मृत्यु।
तिलक समारोह से लौटते समय हादसा, दो लोग घायल।
संवाद सूत्र, करगहर (रोहतास)। थाना क्षेत्र के समहुता गांव के समीप शनिवार की रात सड़क किनारे स्कॉर्पियो पलटने से एक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पुत्र व एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतक की पहचान भोजपुर जिला के तरारी थाना अंतर्गत खवनी निवासी 65 वर्षीय कामेश्वर राय के रूप में की गई है। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल इलाज के लिए स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों द्वारा स्थिति गंभीर देख बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेज दिया गया।
समरडीहां पंचायत के पूर्व मुखिया समहुता निवासी अनिल कुमार राय के अनुसार भोजपुर जिला के तरारी थाना अंतर्गत खवनी गांव से बीती रात समहुता निवासी मधुरेंद्र राय के घर तिलक आया हुआ था।
तिलक समारोह संपन्न होने के बाद मध्य रात्रि में ही लोग स्कॉर्पियो से अपने गांव खवनी लौट रहे थे। तभी कौआडीह-बलभद्रपुर पथ पर अचानक वाहन की हेड लाइट गायब हो गई और तेज गति में चल रही स्कॉर्पियो पर चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे वह गहरी चाट में पलट गई।
गाड़ी पलटते ही कोहराम सुनकर आसपास के लोग दौड़ पड़े। सभी ने मिलकर दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो से घायलों को बाहर निकाला, तब तक कामेश्वर राय की मौत हो चुकी थी, जबकि उनके पुत्र उज्ज्वल राय व एक अन्य भोला राय को स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला गया।
थानाध्यक्ष कमल नयन पांडेय ने बताया कि घटना की सूचना पर तत्काल पहुंची स्थानीय थाने की पुलिस व एंबुलेंस की टीम ने दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सासाराम सदर अस्पताल भेज दिया गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद स्वजन को सौंप दिया है। इस घटना से जहां वैवाहिक समारोह में उदासी छा गई है वहीं गांव में मातम पसरा है।
यह भी पढ़ें- बिहार में BJP विधायक बाल-बाल बचे: NH पर आगे चल रही पिकअप से टकराई गाड़ी, MLA सहित 5 लोग थे सवार
