विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रेलवे ने बदला आनंद विहार स्पेशल का स्टेशन, अब शेखपुरा के बजाय गया से खुलेगी; सासाराम और डेहरी में रहेगा स्टॉपेज

Published: Mon, 07 Sep 2026 08:59 AM (GMT+05:30)

आनंद विहार स्पेशल ट्रेन अब शेखपुरा की जगह गया जंक्शन से चलेगी, जिससे रोहतास के यात्रियों को गया से ट्रेन ...और पढ़ें

आनंद विहार स्पेशल ट्रेन का स्टेशन बदला। सांकेतिक तस्वीर

आनंद विहार स्पेशल ट्रेन का स्टेशन बदला। सांकेतिक तस्वीर

HighLights

  1. आनंद विहार स्पेशल ट्रेन अब गया जंक्शन से चलेगी।

  2. शेखपुरा से सीधी ट्रेन सेवा अब समाप्त हो गई।

  3. सासाराम और डेहरी में ठहराव पहले जैसा रहेगा।

जागरण संवाददाता, सासाराम। आनंद विहार जाने वाले रोहतास जिले के यात्रियों को अब शेखपुरा से आनंद विहार स्पेशल ट्रेन की सीधी सेवा नहीं मिलेगी।

रेलवे ने गाड़ी संख्या 02397/02398 आनंद विहार स्पेशल के परिचालन में बदलाव किया है। छह सितंबर से इस ट्रेन का परिचालन शेखपुरा के बजाय गया जंक्शन से किया जा रहा है। रविवार को ट्रेन शेखपुरा के बजाय गया से खुलकर सासाराम पहुंची और इसके बाद आनंद विहार के लिए रवाना हुई।

रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र के अनुसार, छह सितंबर से 29 नवंबर 2026 तक प्रत्येक रविवार गाड़ी संख्या 02397 गया-आनंद विहार स्पेशल दोपहर 2:15 बजे गया जंक्शन से खुलेगी और अगले दिन सुबह 7:10 बजे आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी।

वहीं, सात सितंबर से 30 नवंबर 2026 तक प्रत्येक सोमवार गाड़ी संख्या 02398 आनंद विहार-गया स्पेशल आनंद विहार टर्मिनल से गया जंक्शन के लिए चलेगी।

सासाराम और डेहरी में रहेगा ठहराव

परिचालन का प्रारंभिक स्टेशन बदलने के बावजूद ट्रेन के ठहराव वाले स्टेशनों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। ट्रेन सासाराम और डेहरी ऑन सोन के अलावा अनुग्रह नारायण रोड, भभुआ रोड, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, प्रयागराज जंक्शन, गोविंदपुरी और टूंडला जंक्शन पर ठहराव लेते हुए आनंद विहार पहुंचेगी।

शेखपुरा से सीधी सेवा समाप्त होने के बाद जिले के यात्रियों को इस ट्रेन से सफर करने के लिए गया जंक्शन पहुंचना होगा। हालांकि, सासाराम और डेहरी ऑन सोन से ट्रेन में चढ़ने वाले यात्रियों को पूर्व की तरह सुविधा मिलती रहेगी।

आरा-सासाराम रूट में देर से चलीं ट्रेनें

आरा में महानंद एक्सप्रेस के डिरेल होने का असर सासाराम में भी देखने को मिला। आरा-सासाराम रेलखंड पर चलने वाली सभी ट्रेनें घंटों विलंब से चली, जिस कारण यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।

सासाराम, नोखा, संझौली, बिक्रमगंज, पीरो समेत अन्य स्टेशनों व हाल्टों पर यात्री ट्रेन के आने की इंतजार में घंटों खड़े रहे। सुबह में सासाराम से पटना को जाने वाली 53112 फास्ट पैसेंजर ट्रेन डेढ़ घंटा देरी से खुली।

यह ट्रेन सुबह 06.45 की बजाए 08.30 में खुली। खासकर रांची व पटना जाने वाले यात्री अधिक परेशान दिखे। वे पूछताछ काउंटर पर पहुंच इन दोनों ट्रेनों की स्थिति का पता लगाते रहे।