विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

इलाज कराकर घर लौट रहे परिवार पर काल बनकर टूटा पिकअप, आरा-मोहनियां फोरलेन पर दो की मौत; पत्नी-बेटा समेत पांच घायल

Published: Sat, 03 Oct 2026 03:10 PM (IST)

आरा-मोहनियां फोरलेन पर दिनारा के पास एक पिकअप और टेम्पो की टक्कर में दो लोगों की मौके पर ही मौत ...और पढ़ें

मृतक की पत्नी और बेटा भी घायल

मृतक की पत्नी और बेटा भी घायल

HighLights

  1. आरा-मोहनियां फोरलेन पर पिकअप-टेम्पो की भीषण टक्कर हुई।

  2. हादसे में दो लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

  3. पांच लोग गंभीर रूप से घायल, सासाराम रेफर किए गए।

संवाद सूत्र, दिनारा (रोहतास)। आरा-मोहनियां फोरलेन पर मठिया के पास शुक्रवार रात भूसा लदे अनियंत्रित पिकअप ने टेम्पो में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में टेम्पो सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में मृतक श्रीभगवान बिंद की पत्नी कृष्णा देवी और पुत्र सुनील प्रसाद भी शामिल हैं।

इलाज के बाद गांव लौट रहा था परिवार

जानकारी के अनुसार, बासुदेवा गांव निवासी श्रीभगवान बिंद को इलाज के लिए मठिया लाया गया था। इलाज कराने के बाद परिवार और अन्य लोग टेम्पो से गांव लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे भूसा लदे पिकअप ने टेम्पो में टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद पिकअप भी चाट में पलटा

टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप सड़क किनारे चाट में पलट गया। हादसे में श्रीभगवान बिंद (62) और हरेंद्र बिंद (40) की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग जुट गए।

मृतक की पत्नी और बेटा भी घायल

हादसे में मनजी चौधरी, मृतक की पत्नी कृष्णा देवी, पुत्र सुनील प्रसाद, टेम्पो चालक लखेंदर चौरसिया और किरण देवी घायल हुए हैं। स्थानीय लोगों और एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को दिनारा पीएचसी पहुंचाया गया।

गंभीर घायलों को सासाराम किया गया रेफर

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राघवेंद्र कुमार ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। गंभीर स्थिति को देखते हुए सभी को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल सासाराम रेफर कर दिया गया।

पुलिस ने दोनों वाहन किए जब्त

थानाध्यक्ष धर्मेंद्र प्रसाद ने बताया कि दोनों शवों को स्वजन की मौजूदगी में पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए सासाराम भेजा गया है।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त टेम्पो और पिकअप को जब्त कर लिया है। पुलिस के अनुसार, घटना के संबंध में अभी कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है।